पंजाब की राजनीति में अचानक गायत्री बिश्नोई का नाम सुर्खियों में आ गया है। उन पर कांग्रेस नेता सुखपाल खैरा ने आरोप लगाया था कि वह और आम आदमी पार्टी (AAP) नेता मनीष सिसोदिया पर चंडीगढ़ में मंत्री की कोठी पर कब्जा करके रह रहे हैं। इसके बाद गायत्री ने खुद वीडियो पोस्ट कर सुखपाल खैरा को जवाब दिया लेकिन उनके इस वीडियो में आम आदमी पार्टी को मुश्किल में डाल दिया। अब कांग्रेस ही नहीं बल्कि अकाली दल समेत तमाम विपक्षी दल AAP के नेताओं पर पंजाब के संसाधनों पर कब्जे के आरोप लगा रहें हैं। 

 

सुखपाल खैरा ने सवाल पूछा था कि गायत्री बिश्नोई AAP नेता मनीष सिसोदिया के साथ चंडीगढ़ सेक्टर-39 के मंत्री आवास नंबर 960 में रह रही थीं या नहीं। उनके इस सवाल से गायत्री बिश्नोई गुस्सा हो गई और सुखपाल खैरा को जवाब देते हुए एक वीडियो बना दिया। इस वीडियो में उन्होंने सुखपाल खैरा के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और धमकी दी कि वह खैरा को जेल भिजवा कर ही दम लेंगी।

 

यह भी पढ़ें: 'UPI चार्ज किस बात का?' MDR पर सवाल पूछा लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने रोक नहीं लगाई

गायत्री ने क्या बताया?

गायत्री ने सुखपाल खैरा के सवाल का जवाब देते हुए कहा, 'सुखपाल खैरा तू इतना कमीना आदमी है ना, कि तू अपनी बेटियों की उम्र की लड़की को भी नहीं छोड़ता है। कैसा घटिया इंसान है तू। तूने मेरे करैक्टर पर लांछन उठाया है ना। तू सवाल उठा रहा है कि कहां और किसके साथ रहती हूं। पहले तो तू देख मैं कहां रहती हूं। ये रही मेरी मम्मी इनके साथ रहती हूं और ये मेरे पिता जी हैं।'

 

इस वीडियो में गायत्री बिश्नोई ने कहा कि वह कोठी नंबर 961 में रहती हैं। यह सरकारी कोठी पंजाब कैबिनेट के मंत्री डॉक्टर बलबीर सिंह की है। गायत्री ने दावा किया कि उनके पिता की तबीयत खराब है और दिल की बीमारी से पीड़ित हैं जिसके कारण वह इस आवास में रहती हैं। गायत्री ने कहा, 'मेरे पापा की तबीयत खराब है। हम लोग यहां रह रहे हैं। मैं अब तूझे कोर्ट में लेकर जाऊंगी।'

सुखपाल खैरा ने क्या कहा?

गायत्री बिश्नोई के इस वीडियो का जवाब सुखपाल खैरा ने दिया। उन्होंने गायत्री देवी के पंजाब के मंत्री के सरकारी आवास में बनाए गए कुछ वीडियो शेयर किए और सवाल उठाया कि आपने दावा किया था कि आप पार्टी के कार्यकर्ताओं से मिलती हैं लेकिन इस घर के अंदर से कोठी नंबर 960 के लिए गेट क्यों है। कोठी नंबर 960 में आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया रहते हैं। सुखपाल खैरा ने गायत्री के सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया जिसमें वह राजस्थान में एक कार्यक्रम में शामिल हुई लेकिन उनके साथ पंजाब पुलिस के जवान थे। सुखपाल खैरा ने सवाल उठाया कि गायत्री बिश्नोई को किस नियम के तहत पंजाब पुलिस की सुरक्षा दी गई है। 

 

अकाली दल ने क्या कहा?

गायत्री बिश्नोई मामले पर शिरोमणि अकाली दल भी अब कांग्रेस की तरह ही सवाल उठाते हुए नजर आ रहा है। पार्टी की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा, 'इससे शर्मनाक बात क्या हो सकती है। पंजाब के पैसे से वह कोठी चलती हैं। उनमें किसी जरूरतमंद को नहीं बल्कि गायत्री बिश्नोई को राजस्थान से बुलाकर ठहराया गया है। मुख्यमंत्री की कुर्सी तक केजरीवाल के हवाले कर दी।' उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान को इसका जवाब देना होगा कि बाहर से आए लोगों को यह सुविधाएं क्यों मिल रही हैं। 

 

यह भी पढ़ें: नेपाल में भारी बारिश से गंडक उफान पर, शाम तक 5 लाख क्यूसेक पहुंचने की आशंका

कैसे बढ़ी AAP की मुश्किलें?

आम आदमी पार्टी ने साल 2022 में पंजाब में पहली बार सरकार बनाई थी और इसके बाद से ही पार्टी पर आरोप लगते रहे हैं कि पार्टी पंजाब से बाहर के लोगों को सुविधाएं दे रही है। दिल्ली के नेताओं के दखल, अरविंद केजरीवाल समेत तमाम नेताओं को पंजाब में मिलने वाली सुविधाओं को लेकर विपक्ष सवाल उठाता रहा है। जब राघव चड्ढा आम आदमी पार्टी में थे तो विपक्ष उन्हें ही पंजाब का असली सीएम बताकर तंज कसता था। अब जब गायत्री बिश्नोई पर सुखपाल खैरा ने सवाल उठाए और गायत्री ने जवाब दिया तो एक बार फिर पंजाब पर बाहरी लोगों के कब्जे का मुद्दा विपक्ष उठा रहा है। 

 

सुखपाल सिंह खैरा ने कई नेताओं की लिस्ट जारी की है, जो पंजाब के नेताओं और मंत्रियों के घरों में या सरकारी कोठियों में रह रहे हैं। सुखपाल खैरा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी पंजाब को लूट रही है और नेताओं की सुविधाओं के लिए पंजाब के संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अब गायत्री बिश्नोई ने खुद स्वीकार कर लिया है कि वह पंजाब के मंत्री के घर पर रह रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि पंजाब सरकार उन्हें इतनी सुविधा क्यों दे रही है।