ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। वहां एक लड़के ने शराब के नशे में एक ढाबा मालिक, उसके स्टाफ और रास्ते से गुजर रहे एक बाइकर को अपनी गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आपको बता दे कि आरोपी पहले से एक युवक के मौत के मामले में नामजद है। उस पर आरोप है कि उसकी गाड़ी से एक लड़के का एक्सीडेंट हो गया था जिसमें उसकी मौत हो गई। वह इस मामले में जमानत पर बाहर आया था।
आरोपी किसी बड़े बिल्डर का बेटा है। उसने करीब तीन महीने पहले भी एक लड़के पर SUV चढ़ा दी थी। हैरानी की बात यह है कि आरोपी 20 साल का है और वह कानून की पढ़ाई कर रहा है।
यह भी पढ़ें: माइनस 20 डिग्री में जवानों और लाहुलवासियों की सेहत पर होगा शोध
जांच में क्या आया सामने?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी सौम्य रंजन रथ ने 11 अक्टूबर की रात एक ढाबे पर शराब पी। 12 अक्तूबर की सुबह बिल पेमेंट को लेकर उसका ढाबा मालिक और वहां काम करने वाले लोगों के साथ झगड़ा हो गया। बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी अपनी एसयूवी में बैठा और उसने गुस्से में आकर ढाबा मालिक और आसपास खड़े लोगों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। यह पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। इस हमले में कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं। वहां सड़क किनारे खड़ी 7 गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा है।
शुरुआती जांच और मेडिकल रिपोर्ट में आरोपी के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। घटना के तुरंत बाद जब भीड़ ने आरोपी को घेरकर उसकी पिटाई शुरू कर दी, तब मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने किसी तरह उसे भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, लापरवाही से गाड़ी चलाने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपी को भीड़ ने पकड़ा
घटना के बाद जब स्थानीय लोगों ने लाठी-डंडों के साथ उसकी गाड़ी का पीछा करना शुरू किया तो आरोपी अपनी कार छोड़कर एक बस में चढ़कर भागने लगा। हालांकि, गुस्साए लोगों ने उसे रास्ते में ही घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। मामले की जानकारी देते हुए भुवनेश्वर के ACP अभिमन्यु नायक ने बताया कि आरोपी ने ढाबा मालिक और कर्मचारियों की जान लेने की नीयत से जानबूझकर अपनी गाड़ी को हथियार की तरह इस्तेमाल किया था।
पहले भी ले चुका है एक की जान
यह कोई पहली बार नहीं है जब आरोपी ने इस तरह की वारदात को अंजाम दिया हो। इससे पहले इसी साल जुलाई महीने में उसने भुवनेश्वर के शास्त्री नगर इलाके में अपनी तेज रफ्तार गाड़ी से एक युवक को कुचल दिया था। इससे उसकी मौत हो गई थी। उस मामले में गिरफ्तारी के बाद कोर्ट से उसे जमानत मिल गई थी लेकिन RTO ने उसका ड्राइविंग लाइसेंस रद्द कर दिया था।
यह भी पढ़ें: पंजाब में SIR पूरा, लिस्ट में जुड़े 8 लाख नाम, कुल वोटर 2 करोड़ के पार
जमानत रद्द कराने की तैयारी में पुलिस
बिना लाइसेंस और जमानत की शर्तों का उल्लंघन कर दोबारा ऐसी गंभीर वारदात को अंजाम देने पर पुलिस अब आरोपी की जमानत रद्द कराने के लिए कानूनी कदम उठा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और उस पर कुछ और कड़ी धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। इसके अलावा, पुलिस को उसकी गाड़ी से एक सीनियर पुलिस ऑफिसर का ID Card भी मिला है, जिसकी प्रामाणिकता की जांच की जा रही है।
