हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में शुक्रवार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी तकरार देखने को मिली। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्व जयराम ठाकुर सरकार के कार्यकाल में कथित तौर पर हुए भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर बीजेपी विधायक दल पर पलटवार किया। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर पूर्व सरकार के कार्यकाल के मामलों का उल्लेख करते हुए बीजेपी को कठघरे में खड़ा करने की कोशिश की। इस दौरान सदन का माहौल उस समय और गरमा गया, जब बीजेपी विधायक नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए।

 

दरअसल, बीजेपी विधायक दल ने सदन में कांग्रेस सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरने की रणनीति बनाई थी, लेकिन मुख्यमंत्री ने जवाब देते हुए पूर्व बीजेपी सरकार के कार्यकाल में हुए मामलों को सामने रखकर विपक्ष पर ही सवाल दाग दिए। मुख्यमंत्री का जवाब जारी रहने के दौरान बीजेपी विधायक लगातार हंगामा और नारेबाजी करते रहे। इसके बावजूद मुख्यमंत्री अपनी बात रखते रहे और पूर्व सरकार के कार्यकाल से जुड़े आरोपों को सदन में उठाते रहे।

'सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली'

मुख्यमंत्री सुक्खू ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा, 'सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली।' उनका इशारा पूर्व बीजेपी सरकार के कार्यकाल में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामलों की ओर था। मुख्यमंत्री ने विपक्ष की ओर से भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिशों को राजनीतिक रणनीति करार देते हुए पलटवार किया।

 

मुख्यमंत्री ने अपने जवाब के दौरान शेर-ओ-शायरी का सहारा लेते हुए भी विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्हें सफाई देने की जरूरत नहीं है। वक्त बता देगा कि कौन सच्चा था और कौन झूठा। मुख्यमंत्री के इस अंदाज ने सदन में चल रही राजनीतिक बहस को और दिलचस्प बना दिया।

 

यह भी पढ़ें: सेना पर टिप्पणी से नहीं थम रहा सियासी संग्राम, मंत्री नेगी को हटाने की मांग

'बापू में सबका हूं' टिप्पणी से सदन में ठहाके और चर्चा

बीजेपी विधायकों की नारेबाजी के बीच एक विधायक की जुबान फिसलने का मामला भी चर्चा में रहा। नारे लगाते समय विधायक सुक्खू को लेकर ऐसा वाक्य बोल गए, जिसका एहसास होते ही वह ठिठक गए। इस पर मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा, 'बापू में सबका हूं।' मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी को बीजेपी विधायक की नारेबाजी पर तंज के रूप में देखा गया।

 

सदन में बीजेपी विधायकों की नारेबाजी और हंगामे के बीच मुख्यमंत्री लगातार अपनी बात रखते रहे। उन्होंने विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के साथ पूर्व बीजेपी सरकार के कार्यकाल के मामलों को भी राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया। इस पूरे घटनाक्रम ने विधानसभा में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चल रही सियासी लड़ाई को नया मोड़ दे दिया है। विपक्ष जहां मौजूदा सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा था, वहीं मुख्यमंत्री ने पूर्व सरकार के कार्यकाल को लेकर पलटवार कर बीजेपी को बचाव की मुद्रा में लाने का प्रयास किया।