उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी को बड़ी राहत मिली है। हाई कोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट के तहत साल 2022 में कुर्क की गई उनकी 12 करोड़ संपत्ति को मुक्त कर दिया है। यह राहत अंसारी को इनके 73वें जन्मदिन के मौके पर मिली।

 

सपा सांसद ने कहा कि पिछले जुलाई और अगस्त के महीने में मेरी सभी संपत्तियों को जिला प्रशासन ने जब्त कर लिया था। उन्होंने कहा कि इस देश में कानून का राज है और कोर्ट ने उन्हें राहत देते हुए जब्त की गई सभी संपत्तियां वापस कर दी हैं।

 

संपत्ति मुक्त कर दी जाए- कोर्ट

 

अफजाल अंसारी ने कहा, 'गाजीपुर कोर्ट ने करीब एक साल पहले कहा था कि इनकी (अफजाल अंसारी) संपत्ति मुक्त कर दी जाए क्योंकि आपने (जिला प्रशासन) इस आरोप में इनकी जमीन जब्द की की थी कि ये गैंगस्टर हैं।'

 

 

 

 

हाई कोर्ट के फैसले पर मुहर

 

सपा सांसद ने आगे कहा, 'इस केस में गाजीपुर कोर्ट ने मेरे ऊपर चार साल की कैद और 1 लाख का जुर्माना लगाया था। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने निचली अदालत के उस फैसले को निरस्त कर दिया और मुझे सभी आरोपों से मुक्त कर दिया है। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार सुप्रीम कोर्ट चली गई और सुप्रीम कोर्ट ने भी हाई कोर्ट के फैसले पर मुहर लगा दी थी।'

 

गाजीपुर प्रशासन ने प्रक्रिया पूरी की

 

बता दें कि शुक्रवार को मोहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के माचा और शकरपुर मौजा स्थित संपत्ति पर गाजीपुर प्रशासन ने प्रक्रिया पूरी की। कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि शुक्रवार देर शाम  की गई। मोहम्मदाबाद तहसील प्रशासन ने डीएम अनुपम शुक्ला के निर्देश पर यह कार्रवाई की। 

 

तहसीलदार महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि हाई कोर्ट के आदेश के अनुपालन में माचा और शकरपुर मौजा स्थित संबंधित जमीन को पूर्व की कुर्की कार्रवाई से मुक्त कर दिया गया है। अभिलेखीय और स्थलीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद संपत्ति को अफजाल अंसारी की बेटी नूरिया अंसारी को सुपुर्द कर दी गई।

 

24 बीघे जमीन और फार्म हाउस किया था कुर्क

 

अफजाल अंसारी की संपत्ति साल 2022 में गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क की गई थी। भांवरकोल क्षेत्र में स्थित संपत्ति में करीब 24 बीघे कृषि भूमि और एक फार्म हाउस शामिल है। उस समय प्रशासन ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई थी। कागजों में जमीन अफजाल अंसारी की पत्नी फरहत अंसारी और उनकी बेटियों नुसरत, मारिया और नूरिया अंसारी के नाम दर्ज है।