समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच शुरू हुआ विवाद अब सोशल मीडिया से निकलकर बयानों तक पहुंच गया है। भगवान राम और श्रीकृष्ण को लेकर धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी पर अखिलेश यादव लगातार विरोध जता रहे हैं। उनकी ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट कर धीरेंद्र शास्त्री की कथाओं का विरोध करने और आयोजनों पर रोक लगाने की अपील भी की गई। इसी बीच धीरेंद्र शास्त्री ने विरोध करने वालों पर ऐसा तंज कसा, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने कहा कि पहले जब यज्ञ होते थे तो राक्षस और दैत्य उसमें हड्डियां डालकर बाधा पहुंचाते थे, लेकिन अब सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर विरोध किया जाता है। हालांकि, उन्होंने किसी नेता का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को अखिलेश यादव के विरोध से जोड़कर देखा जा रहा है।

 

उत्तर प्रदेश के गोंडा में राजन जी महाराज की रामकथा में पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री से जब धार्मिक आयोजनों के विरोध को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने पुराने समय के यज्ञों का उदाहरण देते हुए अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सनातन के देश में कथाओं का विरोध होना स्वाभाविक है। पहले जब भी यज्ञ हुआ करते थे तो राक्षस और दैत्य हड्डियां डाल देते थे जबकि वर्तमान समय में लोग सोशल मीडिया पर पोस्ट डालते हैं। बस इतना ही अंतर है।उनकी इस टिप्पणी को अखिलेश यादव की ओर से लगातार की जा रही सोशल मीडिया पोस्ट पर तंज माना जा रहा है। खास बात यह रही कि धीरेंद्र शास्त्री ने अपने बयान में अखिलेश यादव का नाम नहीं लिया, लेकिन बयान का समय और मौजूदा विवाद इसकी चर्चा की वजह बन गया।

यह भी पढ़ें: धीरेंद्र शास्त्री की कथा सुनने कुंडा जाएंगी भानवी सिंह? राजा भैया से लगाई गुहार

 राजनीति से हमारा मतलब नहीं

धीरेंद्र शास्त्री के बयान के बाद मीडिया ने उनसे सीधे सवाल किया कि क्या उनका इशारा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तरफ है? इस पर उन्होंने कहा कि हम राजनेताओं पर कोई टिप्पणी नहीं करते। राजनीति से हमारा कोई मतलब नहीं है।इस जवाब के बाद भी उनके बयान को लेकर चर्चा जारी रही। दरअसल, अखिलेश यादव पिछले कई दिनों से धीरेंद्र शास्त्री के बयानों और उनकी रामकथाओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में यज्ञ में बाधा डालने और अब सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की तुलना को मौजूदा विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: अरविंद प्रताप कौन हैं? जिन्होंने कन्नौज में मुलायम को दी थी चुनौती

राम-कृष्ण पर टिप्पणी के बाद आमने-सामने आए 

इस पूरे विवाद की शुरुआत मध्य प्रदेश में आयोजित एक कथा के दौरान भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से हुई थी। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की मुद्रा का जिक्र करते हुए कहा था कि कृष्ण तो खड़े भी टेढ़े होते हैं। इस टिप्पणी पर अखिलेश यादव ने कड़ी आपत्ति जताई थी। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को यदुवंशियों का विरोधी बताते हुए उनके बयान पर सवाल उठाए थे।इसके बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए धीरेंद्र शास्त्री की कथाओं का विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में होने वाले उनके धार्मिक आयोजनों को लेकर भी सवाल उठाए और प्रशासन से ऐसे कार्यक्रमों पर रोक लगाने की अपील की। अखिलेश की पोस्ट के बाद यह विवाद केवल धार्मिक टिप्पणी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रदेश की राजनीति में भी चर्चा का विषय बन गया।

सपा कार्यकर्ताओं ने जिलों में किया विरोध

अखिलेश यादव के विरोध के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में प्रदर्शन किया। कई स्थानों पर सपा कार्यकर्ताओं ने धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे। पार्टी की ओर से उनके बयानों पर आपत्ति जताई गई और धार्मिक भावनाओं का मुद्दा उठाया गया।इस विरोध के बीच धीरेंद्र शास्त्री की ओर से दिया गया ताजा बयान अब सियासी बहस का नया मुद्दा बन गया है। एक तरफ अखिलेश यादव सोशल मीडिया के जरिए अपनी आपत्ति दर्ज करा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ धीरेंद्र शास्त्री विरोध को सनातन और धार्मिक आयोजनों के खिलाफ होने वाली पुरानी परंपरा से जोड़कर जवाब दे रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: UP के पेंशनरों को बड़ी राहत, अब 70 रुपये में घर बैठे बनेगा जीवन प्रमाणपत्र

राजा भैया करा रहे 4 दिवसीय रामकथा

इसी विवाद के बीच प्रतापगढ़ के कुंडा में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की ओर से धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा का आयोजन कराया जा रहा है। यह कथा 17 से 20 नवंबर तक बेंती राजभवन की हवाई पट्टी परिसर में आयोजित है। धीरेंद्र शास्त्री को प्रयागराज एयरपोर्ट से राजा भैया खुद कार चलाकर कुंडा लेकर पहुंचे थे। कथा से पहले बेंती महल स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना भी की गई थी। कुंडा में इस आयोजन को लेकर पहले से ही राजनीतिक बयानबाजी चल रही है। अखिलेश यादव की ओर से विरोध और कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग के बीच राजा भैया की मेजबानी में रामकथा शुरू हो चुकी है। ऐसे में धीरेंद्र शास्त्री का सोशल मीडिया पोस्ट वाला बयान इस पूरे विवाद को एक बार फिर सुर्खियों में ले आया है। अब इस मामले में अखिलेश यादव की ओर से कोई नई प्रतिक्रिया आती है या नहीं, इस पर भी राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।