बिहार में बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से चालू करने और गन्ना उद्योग को बढ़ावा देने को लेकर सरकार ने बड़ी तैयारी की है। 11 दिसंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार दौरे पर आएंगे। इस दौरान पांच नई चीनी मिलों की शुरुआत किए जाने की जानकारी गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने दी है। विपक्ष लगातार बंद पड़ी चीनी मिलों को लेकर सरकार पर सवाल उठा रहा है। ऐसे में सरकार की इस घोषणा को विपक्ष के सवालों के जवाब के तौर पर भी देखा जा रहा है।
दरअसल, बिहार में गन्ने की खेती और चीनी उद्योग को नई रफ्तार देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी , दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव तथा गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने गन्ना विकास रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान और अधिकारी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: UP के पेंशनरों को बड़ी राहत, अब 70 रुपये में घर बैठे बनेगा जीवन प्रमाणपत्र
40 जिलों तक पहुंचेगा रथ
इस मौके पर गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने बताया कि गन्ना विकास रथ के माध्यम से 40 जिलों के किसानों तक सरकार की योजनाओं और गन्ने की खेती से जुड़ी जानकारियां पहुंचाई जाएंगी। गांव-गांव जाकर नुक्कड़ नाटक और अन्य माध्यमों से किसानों को उन्नत किस्म के बीज, खेती की आधुनिक तकनीक और सरकारी सब्सिडी के बारे में जागरूक किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि किसान गन्ने की खेती की ओर आकर्षित हों। उन्हें सही जानकारी मिले।
फिलहाल 10 चीनी मिलें चालू
मंत्री ने बताया कि फिलहाल राज्य में 10 चीनी मिलें चालू हैं। वहीं, बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से शुरू करने और नई चीनी मिलों की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में 11 दिसंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार आएंगे और पांच चीनी मिलों को लेकर बड़ी पहल की जाएगी। हालांकि अभी यह साफ नहीं किया गया है कि पांच नई चीनी मिलें कहां खुलेंगी। लेकिन सूत्रों का कहना है कि जिन जिलों में गन्ने की खेती ज्यादा होती है, वहां मिलें खोली जाएंगी। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और समस्तीपुर में नई मिलें खुलने की संभावना है।
विपक्ष के सवालों का जवाब
विपक्ष लगातार बंद पड़ी चीनी मिलों को लेकर सरकार पर सवाल उठा रहा है। विपक्ष का कहना है कि सरकार ने चीनी मिलों को चालू करने का वादा किया था, लेकिन अभी तक कई मिलें बंद हैं। ऐसे में सरकार की इस घोषणा को विपक्ष के सवालों के जवाब के तौर पर भी देखा जा रहा है। सरकार की इस घोषणा के बाद गन्ना किसानों में खुशी है। किसानों का कहना है कि यदि नई मिलें खुलेंगी तो उन्हें गन्ना बेचने में परेशानी नहीं होगी। उन्हें समय पर भुगतान मिलेगा। किसानों ने कहा कि पहले उन्हें गन्ना बेचने के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता था।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार गन्ना किसानों के हित में काम कर रही है। गन्ना विकास रथ से किसानों को फायदा होगा। बिहार में गन्ना उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है। किसानों को सब्सिडी पर बीज दिया जा रहा है। इसके अलावा गन्ने की खेती के लिए आधुनिक तकनीक भी सिखाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: कभी आपस में ठनी, फिर CM पद से हटाया, अब कैप्टन अमरिंदर के किस्से सुना रहे राहुल
रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
नई चीनी मिलें खुलने से रोजगार केअवसर भी बढ़ेंगे। स्थानीय लोगों को नौकरी मिलेगी। मिलों में काम करने के लिए हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। 11 दिसंबर को अमित शाह बिहार आएंगे। वे एक बड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे पांच नई चीनी मिलों की शुरुआत का ऐलान करेंगे।कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
