आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अमृतसर में भव्य मंदिर का निर्माण किया जाएगा। यह मंदिर लव-कुश और माता जानकी को समर्पित होगा। अरविंद केजरीवाल ने बताया कि प्रस्तावित मंदिर भगवान वाल्मीकि के मंदिर के नजदीक बनाया जाएगा। सीएम मान ने कहा कि किसी प्रकार की कोई कसर मंदिर निर्माण में नहीं छोड़ी जाएगी।

 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं कल ही अयोध्या से श्री राम मंदिर में राम लला की पूजा-अर्चना करके लौटा हूं। आज मुझे यह घोषणा करते हुए बेहद खुशी हो रही है। यह न केवल अमृतसर के लोगों के लिए, बल्कि दुनियाभर में राम-सीता के भक्तों के लिए अच्छी खबर है।

 

यह भी पढ़ें: स्पाइसजेट पर 62 हजार का जुर्माना, दंपती को फ्लाइट में चढ़ने नहीं दिया था

अमृतसर में हुआ लव-कुश का जन्म

केजरीवाल कहा कि अमृतसर में दुर्गियाना मंदिर है। यहां देशभक्ति का प्रतीक जलियांवाला बाग और वाघा बॉर्डर भी है। भगवान वाल्मीकि ने अमृतसर में रहते हुए ही रामायण लिखी थी। माता सीता यहीं रहती थीं। लव और कुश का जन्म यहीं हुआ था और उन्होंने यहीं शिक्षा हासिल की थी। केजरीवाल ने आगे कहा, 'जब भगवान राम ने अश्वमेध यज्ञ के लिए घोड़ा छोड़ा तो लव और कुश ने यहीं उस घोड़े को रोका और एक पेड़ से बांध दिया था।'

 

 

 

 

सीएम भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार इस पवित्र भूमि पर भव्य मंदिर के निर्माण में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। यह आस्था के एक बड़े केंद्र के रूप में उभरेगा और दुनियाभर से भक्तों और पर्यटकों को आकर्षित करेगा।

'हमारे राम' नाटक का होगा मंचन

अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया कि 1 अगस्त से पूरे पंजाब में 'हमारे राम' नाटक का मंचन होगा। उन्होंने यह भी बताया कि जालंधर से शुरू हुई 'एक शाम शिव जी के नाम' आध्यात्मिक कार्यक्रम की श्रृंखला अब अमृतसर पहुंच गई है और जल्द ही इसे पंजाब के सभी 22 शहरों में आयोजित किया जाएगा।

पटियाला के काली माता मंदिर का हो रहा पुनर्विकास

केजरीवाल ने बताया कि पटियाला में प्रसिद्ध काली माता मंदिर का पुनर्विकास सितंबर तक पूरा हो जाएगा। इस पर 80 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जा रही है। एक बार काम पूरा होने के बाद यह पूरे उत्तर भारत का सबसे बड़ा मंदिर बन जाएगा। 

 

यह भी पढ़ें: हरगिला पक्षी को असम में अशुभ क्यों मानते थे लोग? अब यही पक्षी बना पहचान

तीन नए रूटों में होगी मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा

पंजाब में अभी मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना श्री दरबार साहिब और श्री आनंदपुर साहिब मार्ग पर आयोजित की जा रही है। अब अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया कि तीन नए मार्गों तक यात्रा का विस्तार किया जाएगा। एक मार्ग सालासर और खाटू श्याम जी को कवर करेगा। दूसरा हरिद्वार और ऋषिकेश और तीसरा मथुरा और वृंदावन को कवर करेगा। सरकार की योजना 1.5 लाख तीर्थयात्रियों को ले जाना है। 1 अगस्त से तीर्थयात्रा शुरू होने की उम्मीद है।