सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आनंद मोहन के समर्थन में पटना में अहम बैठक हुई। उनके बेटे और विधायक चेतन आनंद ने बिहार के अलग-अलग जिलों से आए अभिभावकों और युवाओं को बैठक में बुलाया। यह बैठक दोपहर 12:30 बजे गर्दनीबाग स्थित उनके सरकारी आवास पर हुई। इसमें कोर्ट के फैसले के बाद आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। चेतन आनंद ने समर्थकों से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की।

 

बैठक के दौरान आनंद मोहन ने भी अपनी बात रखने के लिए 30 से 40 मिनट का समय मांगा। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने साथियों के साथ बैठकर बात करने का मौका दिया जाए। हत्याकांड को साजिश बताए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह अपनी बात साथियों के सामने फिर रखेंगे। इस मामले में अब सबकी नजरें आनंद मोहन के अगले कदम पर हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने क्यों दिया सरेंडर का आदेश?

सुप्रीम कोर्ट ने गोपालगंज के तत्कालीन DM जी. कृष्णैया की 1994 में हुई हत्या के मामले में आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई को रद्द कर दिया है। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है।

 

यह भी पढ़ें: 'तिरुक्कुरल पालम' थीम के साथ शुरू हुआ काशी तमिल संगमम, CM योगी ने गिनाए फायदे

 

बिहार सरकार ने 2023 में जेल मैनुअल में बदलाव किया था। इसके बाद आनंद मोहन को रिहा किया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने इस बदलाव को गलत ठहराया है। कोर्ट ने कहा है कि आनंद मोहन के दोबारा हिरासत में जाने के बाद ही सरकार उनकी रिहाई की नई याचिका पर विचार कर सकती है।

पप्पू यादव ने किया आनंद मोहन का समर्थन

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने आनंद मोहन का खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने रिहाई की प्रक्रिया पर सवाल उठाया है। उनके अनुसार, आनंद मोहन पहले ही काफी समय जेल में बिता चुके हैं। अब उन्हें दोबारा जेल भेजने की जरूरत नहीं थी।

 

पप्पू यादव ने कहा कि यह हत्या की योजना नहीं थी। बल्कि भीड़ के बीच हुई घटना थी। उन्होंने दावा किया कि आनंद मोहन उस कार्यक्रम में मौजूद भी नहीं थे। उन्होंने सरकार पर भी निशाना साधा। आरोप लगाया कि जब नेताओं की जरूरत थी, तब उन्हें साथ लिया गया। अब जरूरत खत्म होने पर कानून का इस्तेमाल उनके खिलाफ किया जा रहा है।

प्रशांत किशोर बोले- कानून के हिसाब से होना चाहिए काम

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आनंद मोहन क्यों रिहा हुए और अब उनकी रिहाई क्यों रद्द हुई। यह सरकार और कोर्ट को बताना चाहिए। कानून के हिसाब से ही फैसला होना चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: तमिलनाडु के मदुरै में जला कार्तिगई दीपम, श्रद्धालुओं ने पटाखे फोड़कर मनाया जश्न

 

उन्होंने तेजस्वी यादव पर भी सवाल उठाए। पीके ने कहा कि जब आनंद मोहन की रिहाई के लिए जेल नियमों में बदलाव किया गया था। तब तेजस्वी यादव भी सरकार में थे। अगर सरकार ने कानून का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया। इसमें तेजस्वी यादव और उनकी पार्टी की भी जिम्मेदारी बनती है।

तेजस्वी यादव और JDU ने भी दी प्रतिक्रिया

तेजस्वी यादव ने इस मामले में नीतीश कुमार और बीजेपी पर निशाना साधा था। वहीं JDU के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि उनकी पार्टी न्यायपालिका का सम्मान करती है। कोर्ट के फैसले पर पार्टी कोई टिप्पणी नहीं करती और उसे स्वीकार करती है। RJD सांसद मीसा भारती ने कहा कि आनंद मोहन को सरकार बचाने के लिए रिहा किया गया था। उन्होंने कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट में है, इसलिए न्यायालय के फैसले पर ज्यादा टिप्पणी करना ठीक नहीं है।


बैठक में बिहार के अलग-अलग जिलों से आए लोगों ने अपनी राय रखी। समर्थकों ने आनंद मोहन के साथ अन्याय होने की बात कही। उनका कहना है कि आनंद मोहन हमेशा कानून का सम्मान करते आए हैं और कोर्ट के आदेश का पालन करेंगे। अब सवाल है कि आनंद मोहन सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दाखिल करेंगे या एक महीने के भीतर सरेंडर करेंगे। उनके अगले कदम पर बिहार की राजनीति में सबकी नजर बनी हुई है।