आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के तूनी शहर में एक अनोखा मामला सामने आया है। नरसय्यम्मा नाम की एक महिला मंदिर को लाखों रुपये दान देने की वजह से चर्चा में आ गई हैं। रोचक बात है कि वह खुद मंदिरों के बाहर भीख मांगकर गुजारा करती हैं। साथ ही, वह मंदिरों के विकास के लिए रुपये दान भी करती है। उन्होंने एक शिव मंदिर को 50,000 रुपये और त्रिशूल बनाने के लिए 1 लाख रुपये दान किए हैं।

 

नरसय्यम्मा पिछले 30 सालों से भीख मांगकर जीवन जी रही हैं। द न्यू इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, नरसय्यम्मा मंदिरों को ही अपना घर समझती हैं। इसी वजह से वह सालों से अलग-अलग मंदिरों में रुपये दान देती हैं। हाल ही में नरसयम्मा ने तूनी के दारालम्मा मंदिर में एक बड़ा त्रिशूल बनाने के लिए 1 लाख रुपये दिए हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'बिहार सरकार ने किसानों की 300 करोड़ की जमीन हड़पी', भड़के RJD के सुधाकर सिंह

मंदिरों को क्यों देती हैं दान?

द न्यू इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, नरसय्यम्मा को एक बार सपना आया था, जिसमें कथित तौर पर शिव भगवान दिखाई दिए थे। जिसके बाद नरसय्यम्मा ने प्रण लिया कि वह मंदिरों में दान देंगी। उनका मानना है कि मंदिरों के बाहर देवी-देवताओं ने उन्हें शरण दी थी। इसीलिए वह मंदिरों को दान देकर देवी-देवताओं का शुक्रिया अदा करती हैं।

 

यह भी पढ़ें: बिहार: बिना अनुमति के 5 छात्राओं को राजगीर ले गया शिक्षक, पुलिस ने किया गिरफ्तार

इन मंदिरों में दिया दान

नरसय्यम्मा ने धार्मिक संस्थानों को कई बार दान दिया है। अपनी भक्ति की वजह से वह जानी जाती हैं। उन्होंने प्रसिद्ध ब्रह्ममिका देवी मंदिर में सोने की दो आंखें दान की थीं। इसके अलावा तीन अलग-अलग मंदिरों में 10 से 20 हजार रुपये दान किए। इससे पहले पिछले साल नरसैयम्मा ने मंदिर में भक्तों को मुफ्त भोजन कराने के लिए चावल और दाल के बोरे दान किए थे।

 

टीवी9 तेलुगु की एक रिपोर्ट के मुताबिक, नरसय्यम्मा ने कार्तिक महीने में तूनी स्थित अन्नपूर्णा, विशालाक्षी समेता विश्वेश्वर स्वामी मंदिर में भी 50,000 रुपये का दान दिया। रिपोर्ट में बताया गया है कि अपनी आर्थिक तंगी के बावजूद, वह धार्मिक संस्थानों की मदद करने के लिए अपनी रोज की कमाई से कुछ न कुछ बचाती रहती हैं।