यूपी के चर्चित बाबा मिलन दास हत्याकांड में सोमवार सुबह बड़ा घटनाक्रम सामने आया। हत्या के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश इजरायल को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। 9 जून को साधु बाबा मिलन दास की हत्या के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हुई थीं। मामले में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि इजरायल और उसका साथी सानू पुलिस की पकड़ से बाहर थे। सोमवार सुबह मिली सटीक सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इजरायल को घेर लिया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में उसका अंत हो गया।
पुलिस को सोमवार सुबह सूचना मिली कि इजरायल ताजपुर अंडरपास के पास अपने साथी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंच गई। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने बचने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।कार्रवाई के दौरान सिपाही विकास भदौरिया घायल हो गए, जबकि सब इंस्पेक्टर न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी। मौके से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किया है। बरामद हथियारों को जांच के लिए भेजा गया है।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर में गबन, कौन हैं 5 किरदार जो बदनाम हुए? अब तक 2.98 करोड़ रिकवर
9 जून को हुई थी बाबा मिलन दास की हत्या
9 जून को बांगरमऊ क्षेत्र में मंदिर के पास झोपड़ी में रहने वाले बाबा मिलन दास की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। साधु की हत्या को लेकर स्थानीय लोगों और संत समाज में भी भारी आक्रोश देखने को मिला था।हत्याकांड के खुलासे के दौरान पुलिस ने यामीन, सभी, लाली और अली मोहम्मद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जांच में इजरायल को मुख्य आरोपी माना गया था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
अब फरार सानू की तलाश तेज
मुख्य आरोपी इजरायल के मारे जाने के बाद पुलिस अब फरार आरोपी सानू की तलाश में जुट गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर पूरे मामले का अंतिम खुलासा कर दिया जाएगा।बाबा मिलन दास हत्याकांड में मुख्य आरोपी के एनकाउंटर को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। वहीं पूरे मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
