हरियाणा के गुरुग्राम में रहने वाले एक परिवार के घर में रात के समय चोरी हुई थी। परिवार के मुताबिक, चार आरोपियों ने पूरे परिवार को बंधक बनाया था। इसके बाद घर से लगभग 9 लाख रुपये के सोने और हीरे के गहने चुरा लिए। साथ ही घर में रखी कुछ कीमती चीजें और रुपये लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने इस मामले की रिपोर्ट स्थानीय पुलिस थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस की जांच में पता चला कि चारों आरोपी बांग्लादेश से भारत आए थे। पुलिस के मुताबिक इन आरोपियों के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज थे। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने चारों आरोपियों को पकड़ लिया।
यह मामला गुरुग्राम के सेक्टर 23 का है, जहां 4 जून को आरोपियों ने पीड़ित परिवार के घर में घुसकर चोरी को अंजाम दिया। चोरी के आरोपियों के नाम मामो खान, हिलाल, मोहम्मद खैरुल अरमान और मोहम्मद मामन हैं। बता दें कि जब पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर रही थी, तब वे पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद पुलिस और आरोपियों के बीच झड़प हुई, जिसमें आरोपी घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक ये आरोपी चोरी के बाद बांग्लादेश जाने वाले थे।
यह भी पढ़ें: 'अटेंप्ट टू मर्डर का केस करो', बुजुर्ग को मारने वाले ड्राइवर पर बोले एकनाथ शिंदे
चोरों ने पूरे परिवार को बनाया बंधक
पीड़ित शख्स ने पुलिस को बताया कि चार लोग घर के पीछे की खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे थे। इसी खिड़की के रास्ते वे घर में दाखिल हुए। इसके बाद चारों आरोपियों ने शख्स, उनकी 9 साल की बेटी और पत्नी को बांध दिया। फिर घर में मौजूद सोने-हीरे के गहने चुरा लिए और नकदी भी लेकर फरार हो गए।
गिरफ्तारी के दौरान घायल हुए आरोपी
एसपी नवीन शर्मा ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी खैरुल अरमान भागने की कोशिश कर रहा था, जिसमें उसके दोनों पैर टूट गए। इसके अलावा हिलाल के एक पैर में भी चोट लगी। इस वजह से दोनों आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें: बीयर के लिए MRP से 10 रुपये ज्यादा ले लिए थे, सरकार पर लगा 25 हजार का जुर्माना
एसपी नवीन शर्मा ने कहा कि हिलाल के खिलाफ पहले से चोरी और डकैती के 12 मामले दर्ज हैं। दूसरे आरोपी मामो खान के खिलाफ चोरी का 1 मामला दर्ज है, जबकि तीसरे आरोपी खैरुल अरमान के खिलाफ चोरी और डकैती के 8 मामले हरियाणा में दर्ज हैं।
