एक सीट, तीन पर्चे और तीनों पर एक ही उम्मीदवार। यह चौंकाने वाला मामला राजस्थान के डीग जिले से सामने आया है। यहां पंचायत समिति के प्रधान पद के चुनाव में एक ही महिला ने तीन अलग-अलग नामांकन दाखिल किए। पहले कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में घूंघट में पहुंचकर पर्चा भरा, फिर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर अपनी दावेदारी पेश की। इसके बाद तीसरी बार बीजेपी प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान हर बार उनका भेष और साथ मौजूद नेता बदलते रहे, लेकिन उम्मीदवार एक ही थीं। आखिरकार बती गुर्जर बीजेपी प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध प्रधान चुन ली गईं।
मामला डीग जिले की बृजनगर पंचायत समिति का है। शुक्रवार को प्रधान पद के लिए नामांकन के दौरान बती गुर्जर तीन अलग-अलग रूपों में नजर आईं। उन्होंने सबसे पहले पूर्व विधायक वाजिब अली के साथ पहुंचकर कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर पर्चा भरा। उस समय उन्होंने घूंघट कर रखा था। इसके बाद निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन किया। आखिर में बीजेपी नेता जवाहर सिंह बेढ़म के साथ पहुंचीं और बीजेपी प्रत्याशी के तौर पर भी दावेदारी पेश कर दी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान उनके अलावा कोई दूसरा उम्मीदवार मैदान में नहीं बचा। ऐसे में बती गुर्जर निर्विरोध प्रधान चुन ली गईं।
कांग्रेस से घूंघट में भरा पर्चा
जानकारी के मुताबिक, बती कुमारी अर्जुन ने सबसे पहले कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया था। इस दौरान वह पूर्व विधायक वाजिब अली के साथ पहुंची थीं और घूंघट में नजर आई थीं। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी नामांकन दाखिल कर दिया। इस तरह एक ही पद के लिए उनकी दो अलग-अलग दावेदारियां सामने आ गईं।
यह भी पढ़ें: राजस्थान: विधायक के PA की पत्नी हारी चुनाव, गांव से उतरवा दी 50 रोड लाइटें
बीजेपी से सलवार-सूट में भरा पर्चा
नामांकन का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। बती गुर्जर इसके बाद बीजेपी नेताओं के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचीं। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी के रूप में जवाहर सिंह बेढ़म की मौजूदगी में पर्चा भरा। इस बार वह सलवार-सूट में नजर आईं। इस तरह एक ही महिला ने कांग्रेस, निर्दलीय और बीजेपी प्रत्याशी के रूप में तीन बार नामांकन दाखिल किया।
यह भी पढ़ें: 'विधानसभा चुनाव में RJD की तरफ से CM का ऑफर मिला', चिराग पासवान ने किया खुलासा
बीजेपी की ओर से निर्विरोध चुनी गईं प्रधान
नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बृजनगर पंचायत समिति में बती गुर्जर बीजेपी की ओर से निर्विरोध प्रधान चुन ली गईं। उनके सामने चुनाव मैदान में कोई दूसरा प्रत्याशी नहीं बचा। तीन अलग-अलग नामांकनों के बाद उनका निर्विरोध चुना जाना जिले की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।
डीग जिले की पांच पंचायत समितियों में शुक्रवार को प्रधान पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया हुई। इनमें से तीन पंचायत समितियों में बीजेपी निर्विरोध प्रधान बनाने में सफल रही। बृजनगर में बती गुर्जर, डीग में कमलेश और कुम्हेर में मंगतीराम निर्विरोध प्रधान चुने गए। नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए कोई दूसरा उम्मीदवार मैदान में नहीं बचा।
