असम के गोलपारा जिले में एक सरकारी हाई स्कूल के 5 मुस्लिम छात्रों को मंगलवार को स्कूल से निकाला जा सकता है। छात्रों पर आरोप है कि उन्होंने अपने टिफिन में बीफ लाकर दो हिंदू सहपाठियों को खिलाने की कोशिश की। असम में बीफ के मुद्दे पर अब हंगामा बरपा है। 

स्कूल में जिस लड़के का टिफिन था, उसे पहले हिरासत में लिया गया और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया गया। मां-बेटे पर धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप लगाया गया है। छात्रों की शिकायत हिंदू छात्रों के माता-पिता ने की है। 

यह भी पढ़ें: 'शुभेंदु अधिकारी के लिए बीफ पकाया है...', वीडियो पोस्ट करने वाली महिला गिरफ्तार

मामला क्या है?

बीते शुक्रवार को यह मामला तब सामने आया, जब लड़कों ने घर जाकर अपने माता-पिता को बताया कि उन्हें बीफ खिलाने की कोशिश की गई है। बीफ की बात सुनकर गांव और स्थानीय संगठनों के लोग स्कूल पहुंच गए। स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष सुब्रत दास ने कहा कि मंगलवार को बैठक होगी और पांचों छात्रों को निकालने का प्रस्ताव पास किया जाएगा।

स्कूल ने कहा- सिर्फ शाकाहारी खाना लाओ 

स्कूल प्रशासन ने अब सख्त निर्देश जारी कर दिया है कि टिफिन में सिर्फ शाकाहारी भोजन ही लाया जाए। जिला आयुक्त प्रदीप तिमुंग ने कहा कि छात्रों को ज्यादा से ज्यादा अंडे लाने की अनुमति दी जा सकती है। मछली या कोई मीट स्कूल में नहीं लाया जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें: रेप, धर्मांतरण और बीफ..., नासिक की IT कंपनी बनी शोषण का अड्डा, 6 गिरफ्तार

क्या कह रहे हैं मुस्लिम संगठन?

स्थानीय ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन के नेता मनिदुल इस्लाम ने कहा कि लड़के सिर्फ आपस में टीफिन शेयर कर रहे थे। दो सहपाठी पूछने आए और मामला बढ़ गया। उन्होंने छात्रों की पढ़ाई खराब न होने देने की अपील की है।

अब आगे क्या?

जिला आयुक्त और एसएसपी ने भी स्कूल पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया है। स्कूल प्रबंधन और स्थानीय संगठन इस मामले को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं। असम में यह अब सियासी मुद्दा बनता जा रहा है।