पश्चिम बंगाल विधानसभा की कैंटीन में एक कर्मचारी बेहोश हालत में मिला है। सोमवार सुबह कुछ लोगों ने उसे शौचालय में बेहोश पड़े देखा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया है। मृतक की पहचान 46 वर्षीय उमेश चंद्र दास के रूप में हुई है।
उमेश चंद्र दास करीब 15 वर्षों से विधानसभा की कैंटीन में काम कर रहे थे। पुलिस ने कहा है कि वह सुबह करीब 9 बजकर 10 मिनट पर कैंटीन के शौचालय में बेहोश मिले। उन्हें कोलकाता मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
कोलकाता पुलिस ने कहा है कि मृतक के शरीर पर कोई चोट या बाहरी निशान नहीं हैं। घटना के संबंध में अभी तक कोई शिकायत भी नहीं मिली है। पुलिस अधिकारी ने कहा है कि मौत का कारण पता लगाने के लिए पंचनामा और पोस्टमार्टम की व्यवस्था की जा रही है। कोलकाता पुलिस के खुफिया विभाग की मर्डर इन्वेस्टिगेशन ब्रांच की एक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया।
