बिहार के भागलपुर में पुलिस कस्टडी से आरोपी को छुड़ाने का मामला सामने आया है। पीरपैंती रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में पुलिस अभिरक्षा में ले जाए जा रहे एक आरोपी को छुड़ाने के लिए 8 से 10 लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने एक पुलिसकर्मी की कनपटी पर पिस्टल सटा दी और गोली मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपी हथकड़ी और रस्सी समेत भाग निकला। पुलिस ने करीब दो घंटे के अंदर ही फरार आरोपी को दोबारा पकड़ लिया। मामले में चार आरोपियों की पहचान कर रेल थाना भागलपुर में एफआईआर दर्ज की गई है।

 

आरोपी को कोर्ट में पेश करने के लिए पुलिस ट्रेन से भागलपुर ले जा रही थी। इसी दौरान पीरपैंती स्टेशन पर हमला हुआ। हमलावरों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट और गाली-गलौज भी की। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर छापेमारी शुरू की और कुछ ही देर में आरोपी को पकड़ लिया।

 

यह भी पढ़ें: '3 डिसमिल जमीन मिलेगी', अफवाह के बाद पटना में सचिवालय के बाहर जुटी भारी भीड़

स्टेशन पर पुलिस को घेरा

पुलिस के अनुसार, पीरपैंती स्टेशन के पास से प्रिंस कुमार यादव को एक देसी कट्टा और एक पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक हथियार लेकर स्टेशन के पास घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर प्रिंस को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और एक पिस्टल बरामद हुई।

 

गिरफ्तारी के बाद प्रिंस को थाने लाया गया और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश करने के लिए पुलिस कस्टडी में ट्रेन संख्या 53403 रामपुरहाट-गया पैसेंजर से भागलपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस टीम आरोपी प्रिंस को लेकर भागलपुर जा रही थी। करीब दोपहर 2 बजे ट्रेन पीरपैंती स्टेशन पर रुकी। इसी दौरान 8 से 10 लोग अचानक प्लेटफॉर्म पर पहुंच गए और पुलिस पदाधिकारी शशि कुमार को घेर लिया।

 

आरोप है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मी की कनपटी पर पिस्टल सटा दी और गोली मारने की धमकी दी। उन्होंने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की। अचानक हुए हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में भी डर का माहौल हो गया। पुलिस के विरोध के बावजूद आरोपी प्रिंस हथकड़ी और रस्सी समेत भागने में सफल रहा। वह भीड़ का फायदा उठाकर स्टेशन से बाहर निकल गया और फरार हो गया।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में खेती को मिलेगा नया सहारा, 4,415 करोड़ से सुधरेगी सिंचाई

दो घंटे में फिर पकड़ा गया आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही पीरपैंती थाना और रेल पुलिस में हड़कंप मच गया। वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद आसपास के थानों और पुलिस बल को अलर्ट किया गया। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस ने करीब दो घंटे के अंदर ही प्रिंस को दोबारा पकड़ लिया। उसे मधुवन टोला के पास से पकड़ा गया जहां वह छिपा हुआ था। पुलिस उसे फिर हिरासत में लेकर भागलपुर ले गई और कोर्ट में पेश किया।

 

जांच के दौरान पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली। पुलिस के अनुसार, लवकुश यादव, अभिषेक कुमार यादव, सिपाही यादव और प्रीतम कुमार की पहचान आरोपियों के रूप में हुई है। ये सभी प्रिंस कुमार के जान-पहचान वाले और उसी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। चारों के खिलाफ रेल थाना भागलपुर में अलग-अलग धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अन्य 4 से 5 अज्ञात लोगों की भी तलाश कर रही है।