मध्य प्रदेश के भिंड जिले में मंगलवार को स्कूल से घर लौट रही एक 9 साल की बच्ची के साथ रेप किया गया। आरोपी 24 साल के अरविंद वाल्मीकि ने बच्ची को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया और स्कूल के पीछे सूनसान जगह पर ले जाकर इस वारदात को अंजाम दिया। अपनी बहन को बचाने की कोशिश करने वाले 11 साल के भाई को भी पीटा गया। बताया गया है कि आरोपी इन बच्चों को पहले से जानता था और घर छोड़ने के बहाने दोनों को अपनी बाइक पर बिठा लिया था।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप और POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया है और मेहगांव थाने के इंचार्ज रवींद्र शर्मा के मुताबिक, पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। बताया गया है कि आरोपी शख्स बच्चों को उनके घर छोड़ने के बजाय नहर के पास खेतों की तरफ ले गया था। रास्ते में कुछ चरवाहों को देखकर उसने अपना रास्ता बदला और बच्चों को स्कूल के पीछे एक सूनसान जगह पर ले गया जहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
यह भी पढ़ें: खगड़िया में फर्जी IAS गिरफ्तार, टेस्ला कार और 100 बैंक कार्ड बरामद
बीच-बचाव करने पर भाई से मारपीट
घटना के दौरान जब 11 साल के भाई ने अपनी बहन को बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद आरोपी बच्चों को मौके पर ही छोड़कर भाग गया और इस घटना के बाद बच्ची बेहोश हो गई थी। बेहोश हुई बहन को वहीं छोड़कर भाई किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिवार के लोगों को पूरी बात बताई। परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्ची को अस्पताल लेकर गए जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
यह भी पढ़ें: मधेपुरा में मिड-डे मील खाने से 60 बच्चे बीमार, जिले में हड़कंप
आरोपी पर पोक्सो केस दर्ज
बच्चों की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी अरविंद वाल्मीकि के खिलाफ रेप और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मेहगांव पुलिस स्टेशन के प्रभारी रवींद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस फरार आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
