मध्य प्रदेश के भोपाल में रहने वाले एक शख्स ने अपनी पत्नी की ख्वाहिश पूरी करने के लिए 23 लाख की कार चुरा ली। शख्स कार शोरूम में ही काम करता था। उसने मौका पाते ही कथित तौर पर फॉक्सवैगन वर्टस जीटी कार शोरूम से चुरा ली। आरोपी ने कार को शोरूम से निकाला और फरार हो गया। कार कंपनी को उस वक्त गायब कार के बारे में कुछ पता नहीं चला। जब स्टॉक में एक कार कम नजर आई, तो कंपनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार की जीपीएस लोकेशन ट्रैक कर उसे खोज लिया। पुलिस को आरोपी की पत्नी कार चलाती हुई मिली, जबकि आरोपी फरार है।
आरोपी ऋषि आनंद ने 28 सितंबर की रात जेके रोड स्थित फॉक्सवैगन वर्टस कार शोरूम से कार चोरी की गई। शुरू में शोरूम में मौजूद कर्मचारियों को कार चोरी के बारे में कुछ पता नहीं चला। जब शोरूम में एक कार कम नजर आई, तो कर्मचारियों को चोरी के बारे में पता चला। पुलिस ने बीते शुक्रवार को कार खोज ली थी। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है, जो अभी तक फरार है।
यह भी पढ़ें: वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने का आरोप, UP में चुनाव आयोग ने सस्पेंड किए 2 SDM
रात में चुरा ली कार
आरोपी ऋषि आनंद उसी कार शोरूम में काम करता था, जहां से उसने कथित तौर पर कार चुराने की पूरी रणनीति बना रखी थी। आरोपी ऋषि आनंद ने 28 सितंबर की रात कार शोरूम से एक कार बाहर निकाली। इसके बाद उसने कथित तौर पर वह कार अपनी पत्नी को सौंप दी। कुछ दिनों बाद जब शोरूम मैनेजमेंट को कार के गायब होने के बारे में पता चला, तो कंपनी के कर्मचारियों ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले। हालांकि, कार चोर की शक्ल नहीं दिख पाई। इसके बाद कार कंपनी के कर्मचारियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पत्नी के लिए चुराई कार
पुलिस की शुरुआती जांच-पड़ताल के मुताबिक, जब पुलिस को शोरूम से कार चोरी होने के बारे में पता चला, तो शोरूम के कर्मचारियों से पूछताछ की गई। उसी दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ऋषि आनंद की पत्नी को कार चलाने का शौक है।
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश: जज बनने का सपना पूरा किया, जॉइनिंग से पहले लड़की ने लिया संन्यास
इसी शक के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई की। तब पुलिस को शुक्रवार की रात नर्मदापुरम रोड स्थित आशिमा मॉल के पास गाड़ी मिली थी। पुलिस को आरोपी ऋषि आनंद की पत्नी मिली, जो गाड़ी चला रही थी। पुलिस ने आरोपी की पत्नी से पूछताछ की, ताकि पता चल सके कि इस चोरी में वह शामिल थी या नहीं। हालांकि, पुलिस आरोपी ऋषि आनंद की तलाश में जुटी है, जो अभी फरार है।
