पूर्व मिस पुणे ट्विशा शर्मा की मौत मामले में एक और खुलासा हुआ है। शादी के महज पांच महीने बाद ट्विशा अपने ससुराल में मृत मिलीं। पुलिस रिकॉर्ड में शुरुआती तौर पर इसे फांसी लगाकर आत्महत्या का मामला बताया गया, लेकिन परिवार ने इसे हत्या करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। अब ट्विशा शर्मा की WhatsApp चैट सामने आई है जिसमें पता चलता है कि वह कितनी परेशान थी।
30 अप्रैल की WhatsApp चैट में परेशान ट्विशा अपनी मां से पूछती हैं कि मां आपने मुझे यहां क्यों भेजा? उसने अपनी मां को यह भी बताया कि उसका पति समर्थ, उससे बात नहीं कर रहा है। उसने अपनी मां से यह भी कहा कि उसकी जिंदगी नर्क बन गई है। चैट में लिखा, 'मेरा जीवन नरक हो गया है मम्मी।'
यह भी पढ़ें: हैंडल छोड़, पैर समेट, एक्टिवा पर बैठा रहा शख्स, सड़क पर दौड़ती रही स्कूटी
मौत से कुछ दिन पहले मां से क्या कहा?
ट्विशा शर्मा की लाश 12 मई को मिली और उससे कुछ दिन पहले ही ट्विशा ने अपनी मां से बात की थी। WhatsApp चैट में उन्होंने 7 मई को अपनी मां से कह रही हैं कि वह आकर उसे उसके ससुराल से बचा ले। उसने अपनी मां से कहा, 'मां आप मुझे यहां से लेने आ जाओ कल प्लीज। मुझे नहीं लगता कि समर्थ को अब मेरी जरूरत है। पता नहीं अब मैंने क्या किया, समर्थ ने कहा है 1 साल से झेल रहे हैं मुझे। मुझे नहीं समझ आ रहा है मम्मी मैं करूं तो क्या करूं।' इस चैट में साफ पता चलता है कि ट्विशा कितनी परेशान थी। ट्विशा ने अपनी मां से कहा था कि अगले दिन की ट्रेन है और उस ट्रेन का डायरेक्ट टिकट भी है।
क्या है पूरा मामला?
ट्विशा की शादी, भोपाल के कटारा हिल्स में हुई थी। 12 मई को अपने ससुराल में ट्विशा फांसी पर लटकी हुई मिली थीं। परिवार का कहना है कि ट्विशा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। शादी के बाद ट्विशा नोएडा से भोपाल शिफ्ट हो गई थी। परिवार का दावा है कि मौत वाली रात 10 बजे तक ट्विशा उनसे संपर्क में थी। उन्होंने समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह पर मारपीट, दहेज प्रताड़ना और सबूत मिटाने का आरोप लगाया है। लाश की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी बताई गई है। ट्विशा के परिवार ने रविवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के आधिकारिक आवास के बाहर प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें: भारत-नेपाल बॉर्डर पर पकड़ा गया चीनी नागरिक, संदिग्ध खिलौने ने मचाई खलबली
दहेज उत्पीड़न का आरोप
ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या और हैरेसमेंट के आरोप में FIR दर्ज की गई है। उनकी सास रिटायर्ड डिस्ट्रिक्ट जज हैं। इस मामले में दोनों को एंटीसिपेटरी बेल मिल गई है, जिसे ट्विशा का परिवार हाई कोर्ट में चैलेंज कर रहा है। अब छह लोगों की SIT मामले की जांच कर रही है।
