मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की सेंट्रल जेल में तैनात एक महिला गार्ड ने जेलर मग्नू सिंह मरावी पर रेप का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि जेलर ने जेल परिसर में ही ड्यूटी के दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने बताया कि घटना शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे हुई। जेलर ने पहले उससे अश्लील बातें कीं और फिर उसे जेल के एक सुनसान जगह ले जाकर रेप किया। महिला का यह भी आरोप है कि घटना के बाद जेलर ने उसे किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला की शिकायत पर गांधी नगर पुलिस ने शुक्रवार रात जेलर के खिलाफ रेप और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में FIR दर्ज की है।
महिला गार्ड देर रात गांधी नगर थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में उसका बयान दर्ज किया गया। इसके बाद उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। थाने के प्रभारी सुनील चतुर्वेदी ने FIR दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कड़ी सुरक्षा वाले जेल परिसर में कथित घटना कैसे हुई।
रात की ड्यूटी के दौरान हुई घटना
महिला गार्ड ने अपनी शिकायत में बताया कि घटना के समय उसकी रात की ड्यूटी थी। इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे उसकी मुलाकात जेलर मग्नू सिंह मरावी से हुई। आरोप है कि जेलर ने उससे अश्लील बातें कीं और फिर उसे जेल के एक सुनसान हिस्से में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला के मुताबिक, इसके बाद जेलर ने उसे घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
यह भी पढ़ें: दिल्ली: जामा मस्जिद थाने में चाकूबाजी, 5 पुलिसकर्मी घायल, आरोपी को मारी गोली
CCTV फुटेज की जांच करेगी पुलिस
शिकायत मिलने के बाद पुलिस की एक टीम जेल परिसर में उस जगह का मुआयना करेगी, जहां घटना होने का आरोप है। जांच के दौरान जेल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी जाएगी। पुलिस उस रात की ड्यूटी लिस्ट और दूसरे रिकॉर्ड भी खंगालेगी। इससे यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि घटना के समय जेल परिसर में कौन-कौन कर्मचारी तैनात थे और वहां क्या हुआ था।
यह भी पढ़ें: 'अपराध ऐसा कि सजा कम नहीं कर सकते', दुष्कर्म केस में केरल हाई कोर्ट का फैसला
ड्यूटी पर मौजूद दूसरे कर्मचारियों से पूछताछ
पुलिस उस समय ड्यूटी पर मौजूद दूसरे जेल कर्मचारियों से भी पूछताछ करेगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि क्या किसी कर्मचारी ने कथित घटना देखी थी या उसके पास इससे जुड़ी कोई जानकारी है। पुलिस के मुताबिक, मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी जेलर को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
