मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार गति के तहत चल रही 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली परियोजनाओं और केंद्र सरकार की अलग-अलग योजनाओं का हाल जाना। इन परियोजनाओं के तरक्की की समीक्षा करने के साथ उन्होंने निर्देश दिया है कि सभी काम तेजी से पूरे किए जाएं और तय समय का ध्यान रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने बिहार के कृषि उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग और बाजार उपलब्धता पर जोर दिया है। साल 2030 तक परिवहन और लॉजिस्टिक्स के अन्य माध्यमों को विकसित करने का निर्देश दिया, ताकि राज्य के कृषि उत्पाद राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक आसानी से पहुंच सकें। इसके अलावा, CM सम्राट चौधरी ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़े एलान किए हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ कहा कि योजनाएं सिर्फ कागजों पर नहीं दिखनी चाहिए, बल्कि उनका फायदा लोगों तक पहुंचना चाहिए। खासकर छात्रों और किसानों को इन योजनाओं का सीधा लाभ मिलना चाहिए।
यह भी पढ़ें: युवी से आधे घंटे की बात और रचा इतिहास, वैभव सूर्यवंशी को ऐसे क्या टिप्स मिले?
मार्च 2027 तक पूरे करें तीनों विश्वविद्यालयों के भवन
बैठक में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन ने उच्च शिक्षा विभाग से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन, शैक्षणिक भवन, इंडोर स्टेडियम, राष्ट्रीय उच्च पथ से सम्पर्कता पथ सहित अन्य निर्माण कार्यों की जानकारी ली। पूर्णिया विश्वविद्यालय और पटना विश्वविद्यालय के भवन निर्माण कार्य की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पूर्णिया विश्वविद्यालय और पटना विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन भवनों सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कार्य मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा करें।
पटना विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए हितधारकों से संवाद कर मास्टर प्लान तैयार करने को कहा। छात्रावासों में केवल विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने बीएड कॉलेजों में डिग्री कॉलेज जल्द शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
किसानों की समृद्धि हो कृषि योजनाओं का मुख्य उद्देश्य
बैठक में कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार के कृषि क्षेत्र की प्राथमिकताएं निर्धारित करने और किसानों के विकास के लिए नकदी फसलों की जिलावार कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कृषि योजनाओं का मुख्य उद्देश्य किसानों की आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करना होना चाहिए। खेती को केवल परंपरागत तरीके से नहीं, बल्कि बाजार की मांग के अनुसार करना होगा। जिस जिले में जिस फसल की ज्यादा संभावना है, वहां उसी पर फोकस किया जाए। इससे किसानों की आय बढ़ेगी और बिहार का कृषि क्षेत्र मजबूत होगा।
बिहार के कृषि उत्पादों की होगी बेहतर ब्रांडिंग
मुख्यमंत्री ने बिहार के कृषि उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग और बाजार उपलब्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के लीची, मखाना, आम, केला, मक्का और सब्जियों की देशभर में अलग पहचान है, लेकिन ब्रांडिंग की कमी की वजह से किसानों को सही कीमत नहीं मिल पाती। अब सरकार इन उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग करेगी। उन्होंने वर्ष 2030 तक परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स के अन्य माध्यमों को विकसित करने का निर्देश दिया, ताकि राज्य के कृषि उत्पाद राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक आसानी से पहुंच सकें। कोल्ड चेन, भंडारण, पैकेजिंग और परिवहन की सुविधा को मजबूत किया जाएगा। इससे किसान अपनी उपज को सीधे बड़े बाजारों तक पहुंचा सकेंगे और बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी।
उच्च शिक्षा और कृषि ही बिहार की प्रगति का आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षा के आधारभूत ढांचे का सुदृढ़ीकरण और कृषि क्षेत्र का विकास राज्य की प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में आधारभूत संरचना मजबूत होगी तो विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिलेगी और वे रोजगार के लिए तैयार होंगे। वहीं, कृषि क्षेत्र में सुधार होगा तो किसानों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर योजना की समय-समय पर समीक्षा की जाए और देरी होने पर जिम्मेदारी तय की जाए।
बैठक में मौजूद रहे बड़े अधिकारी
बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल, मंत्रिमंडल सचिवालय के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, वित्त विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय सिंह, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की।
