बिहार के पटना में 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुक्रवार को गांधी मैदान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने झंडा फहराया और बिहार के विकास को लेकर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि बिहार के 14 करोड़ लोगों की मेहनत, किसानों और उद्यमियों की कोशिश और महिलाओं के हौसले से ही देश तरक्की करेगा और बिहार समृद्ध बनेगा। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और आजादी के लिए जान देने वाले शहीदों को याद किया। उन्होंने कहा कि आज का बिहार सेवा और ईमानदारी के रास्ते पर चल रहा है। 

 

सीएम ने कहा कि सरकार बनते ही उनकी कोशिश थी कि हर किसी को बराबर मौका मिले, इसलिए हर महीने की 1 और 3 तारीख को मंगलवार को सहयोग शिविर लगाए जाते हैं, जहां अब तक साढ़े छह लाख से ज्यादा शिकायतें आईं और 95% का निपटारा एक महीने के अंदर ही हो गया। लापरवाही करने वाले अधिकारियों को भी नोटिस भेजे गए हैं। अब हर महीने के दूसरे मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय में भी शिकायतें सुनी जाएंगी, और हर महीने के आखिरी रविवार को गांव-गांव में विकास योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: वाराणसी: जांच के दौरान एयरपोर्ट पर यात्री की बंदूक से चली गोली, 2 घायल

छात्रों के लिए नया पोर्टल, मुफ्त कोचिंग की सुविधा

युवाओं के लिए सबसे बड़ा ऐलान रहा विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का रहा, जो 17 अगस्त से शुरू होगा। इससे छात्र सीधे सरकार तक अपनी शिकायत पहुंचा सकेंगे और 30 दिन में समाधान मिलेगा। परीक्षाओं को साफ-सुथरा और निष्पक्ष बनाने के लिए एक नई समिति भी बनेगी। राज्य के 551 सरस्वती विद्या निकेतन स्कूलों में अब बच्चों को IIT-JEE और NEET जैसी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग मिलेगी। 

 

गांवों तक बेहतर पढ़ाई पहुंचाने के लिए 15 जुलाई को एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेज खोले गए, जिनमें 2451 शिक्षकों की भर्ती भी हुई। सरकार अपने बजट का करीब 20% यानी लगभग 66,667 करोड़ रुपये सिर्फ शिक्षा पर खर्च कर रही है। भागलपुर के कहलगांव में विक्रमशिला यूनिवर्सिटी को भी दोबारा शुरू करने की तैयारी चल रही है।

2030 तक 1 करोड़ लोगों को नौकरी देने का लक्ष्य

सीएम ने कहा कि युवाओं को रोजगार देना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सरकार ने 2030 तक 1 करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए बिहार युवा नीति बनाई जाएगी, जिस पर एक अलग कमीशन नजर रखेगा। नालंदा, बोधगया, राजगीर जैसी जगहों को पर्यटन से जोड़कर भी युवाओं के लिए रोजगार के मौके बनाए 

जाएंगे। 

 

इसके अलावा उद्योगों में 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने की तैयारी है, और 2030 तक बिहार को सेमीकंडक्टर हब बनाने का लक्ष्य रखा गया है। हर जिले में उद्योगों के लिए 14,600 एकड़ ज़मीन ली जाएगी। सीएम ने बाहर रहने वाले बिहारियों से भी अपील की कि वे वापस आकर राज्य के विकास में मदद करें।

किसानों के लिए 25 नई चीनी मिलें, मुफ्त बिजली

गन्ना किसानों के लिए सीएम ने बड़ी राहत का ऐलान किया, राज्य में 25 नई चीनी मिलें लगेंगी, जिनमें से 10 शुरू भी हो चुकी हैं, 5 और अगले 6 महीने में शुरू होंगी। बिजली के मामले में बिहार ने रिकॉर्ड बनाया है। मांग बढ़कर 9,475 मेगावाट तक पहुंची, जिसे पूरा किया गया। हर घर को हर महीने 125 यूनिट बिजली मुफ्त मिल रही है। 4.83 लाख गरीब परिवारों की छत पर मुफ्त सोलर पैनल लग रहे हैं, और 2027 तक 25 लाख घरों को इसका फायदा मिलेगा। 

 

किसानों को दिन में 12 घंटे बिजली मिल रही है, और 1.66 लाख से ज्यादा किसानों को मुफ्त कृषि बिजली कनेक्शन दिए गए हैं। सिंचाई के लिए कई बड़ी योजनाएं भी चल रही हैं, और 30 हजार भूमिहीन परिवारों को ज़मीन के कागज भी दिए जा रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ की वजह से 5 सेना के जवान लापता, 4 लोगों की हुई मौत

महिला सुरक्षा और तेज पुलिस मदद

कानून-व्यवस्था को लेकर सीएम ने साफ कहा कि अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब इमरजेंसी में 10 मिनट के अंदर मदद पहुंचाने के लिए 1,833 वाहन तैनात हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर थाने में महिला ब्रिगेड बनाई गई है, और 855 थानों में 24 घंटे महिला हेल्प डेस्क चालू है। अब स्कूल-कॉलेज के बाहर महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी देकर तैनात किया जाएगा।

सड़क और हवाई सफर होगा आसान

सड़क और हवाई कनेक्टिविटी पर भी ज़ोर दिया जा रहा है। करीब 589 किलोमीटर लंबे 5 एक्सप्रेस-वे और 6 हाई-स्पीड सड़कों पर काम चल रहा है। राज्य में अभी 4 एयरपोर्ट चालू हैं और 6 से ज्यादा नए बन रहे हैं। सोनपुर और अजगैबीनाथ में भी नए एयरपोर्ट बनाने की योजना है। पर्यटन बढ़ाने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा भी शुरू की गई है, जो बाल्मीकिनगर, मुंडेश्वरी धाम और राजगीर जैसी जगहों तक जाती है। मोकामा में 10 एकड़ ज़मीन पर तिरुपति बालाजी मंदिर भी बनाया जाएगा।