बिहार के ऐतिहासिक और आस्था के प्रमुख केंद्र मां मुंडेश्वरी धाम को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कैमूर जिले के भगवानपुर प्रखंड स्थित मां मुंडेश्वरी धाम में आयोजित सहयोग शिविर में घोषणा की कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए यहां हेलीपैड और रोप-वे का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही मंदिर परिसर का व्यापक जीर्णोद्धार, जंगल सफारी और इको-टूरिज्म को भी विकसित किया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि मां मुंडेश्वरी धाम बिहार की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसे देश-दुनिया में नई पहचान दिलाने के लिए आधुनिक पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बरसात के बाद रोप-वे परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा, जिससे पहाड़ी पर स्थित मंदिर तक श्रद्धालुओं की पहुंच और आसान होगी।

 

यह भी पढ़ें: 'MSP तो 50 करोड़ है', सांसदों की बगावत पर महुआ और संजय राउत की बातचीत वायरल

 

विकास योजनाओं का किया उद्घाटन 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 196.06 करोड़ रुपये की लागत वाली 60 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 162.69 करोड़ रुपये की 20 योजनाओं का शिलान्यास तथा 33.36 करोड़ रुपये की 40 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र और सांकेतिक चेक भी वितरित किए।

सहयोग शिविर पर क्या बोले?

मुख्यमंत्री ने सहयोग शिविर कार्यक्रम की सफलता का उल्लेख करते हुए बताया कि पूरे बिहार में अब तक 3.03 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 2.61 लाख से अधिक आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए नोटिस और स्वतः निलंबन तक की व्यवस्था लागू की गई है।


सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने शिक्षा, ऊर्जा, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में सरकार की प्राथमिकताओं को भी साझा किया। उन्होंने घोषणा की कि जिन प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहां जुलाई से पढ़ाई शुरू कराई जाएगी। वहीं हर परिवार को सोलर ऊर्जा से जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजना पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: खाने की कमी पूरी करने के लिए छोड़े थे खरगोश, ऐसी तबाई मचाई कि सबके होश उड़ गए

 

माता की पूजा अर्चना भी की 

मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार कैमूर पहुंचे सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम से पूर्व मां मुंडेश्वरी भवानी मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर न्यास समिति की ओर से उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।


मुख्यमंत्री की घोषणाओं से कैमूर में धार्मिक पर्यटन, स्थानीय रोजगार और आधारभूत विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। विशेष रूप से हेलीपैड और रोप-वे परियोजना को मां मुंडेश्वरी धाम के लिए गेमचेंजर माना जा रहा है, जो आने वाले वर्षों में इसे देश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों की श्रेणी में खड़ा कर सकता है।