बिहार के गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र के बरवाडीह गांव में सोमवार की रात खून से सनी एक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां एक सनकी भतीजे ने अपने ही चाचा पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान 55 वर्षीय बाबूलाल चौधरी के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी भतीजे महेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिनभर गांव में तलवार लेकर घूम रहा था और अपने चाचा को जान से मारने की धमकी दे रहा था। ग्रामीणों ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। रात में उसने चाचा पर हमला कर दिया।
रविवार से ही आरोपी महेश चौधरी का व्यवहार अजीब था। गांव के लोगों ने बताया कि सोमवार को वह सुबह से ही हाथ में तलवार लेकर गांव की गलियों में घूम रहा था। रास्ते में मिलने वाले लोगों से वह कह रहा था कि आज वह अपने चाचा को जान से मार देगा। ग्रामीणों ने पहले इसे उसकी सनक समझकर टाल दिया। किसी ने सोचा भी नहीं था कि वह इतनी बड़ी वारदात कर देगा। रात करीब 9 बजे बाबूलाल चौधरी अपने घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान महेश वहां पहुंचा और बिना कुछ कहे तलवार से उन पर हमला कर दिया। हमले में बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन परिजन उन्हें गुरुआ पीएचसी ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: बिहार में 15 अक्टूबर से शुरू होगा खनन, 44 ब्लॉकों से बढ़ेगी कमाई
पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही गुरुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी महेश को उसी रात घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई तलवार भी बरामद कर ली गई। गुरुआ थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है लेकिन वह अभी हत्या की वजह को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे रहा है। पुलिस को शक है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: बिहार के 5 जिलों में बनेंगे नए एयरपोर्ट, 6 जगह हेलीपैड, आसान होगा हवाई सफर
बाबूलाल गांव में एक शांत स्वभाव के व्यक्ति माने जाते थे। उनकी हत्या से पूरे परिवार और गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का कहना है कि महेश का दिमाग कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रहा था। वह आए दिन घर में झगड़ा करता था लेकिन वह इस हद तक चला जाएगा किसी ने सोचा नहीं था।
गांव के मुखिया ने बताया कि महेश पहले भी कई बार लोगों से उलझ चुका है लेकिन तलवार लेकर घूमने और हत्या जैसी घटना की किसी को उम्मीद नहीं थी। फिलहाल पुलिस दो बिंदुओं पर जांच कर रही है। पहला, हत्या की वास्तविक वजह क्या थी। क्या जमीन या आपसी विवाद था या आरोपी मानसिक रूप से बीमार था। दूसरा, आरोपी को तलवार कहां से मिली। थानाध्यक्ष ने कहा कि आरोपी के बयान और गांव के लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की तह तक जाया जाएगा। अगर आरोपी मानसिक रूप से बीमार पाया जाता है तो उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया जाएगा।
