बिहार में बाढ़ से निपटने के लिए जल संसाधन विभाग नदियों से गाद हटाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए विभाग ड्रेजिंग और सिल्ट रिमूवल कराएगा। इसमें मशीनों की मदद से नदियों की तलहटी में जमा मिट्टी और गाद निकाली जाएगी। इससे नदियों में पानी के बहाव को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इस योजना को लेकर सिंचाई भवन में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने योजना की जानकारी दी। बैठक में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के निदेशक अरविन्द कुमार भी शामिल हुए। इसके अलावा ड्रेजर और बार्ज बनाने वाली 12 कंपनियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बैठक में बताया कि गाद निकालने के लिए मशीनों का इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है। उन्होंने ड्रेजिंग मशीनों और बार्ज (बड़े जलयान) की तकनीक के बारे में भी जानकारी दी। बैठक का मुख्य उद्देश्य नदियों से गाद हटाने की बेहतर व्यवस्था तैयार करना और बाढ़ प्रबंधन को मजबूत बनाना था।
बैठक में तकनीकी परामर्शी मनोज रमण, परामर्शी रवीन्द्र शंकर, परामर्शी आई.सी. ठाकुर, अभियंता प्रमुख वरुण कुमार सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य ड्रेजिंग एवं सिल्ट रिमूवल सहित बाढ़ प्रबंधन से जुड़े कार्यों के लिए सक्षम एवं विशेषज्ञ एजेंसियों की पहचान कर उन्हें सूचीबद्ध करना था, ताकि बाढ़ अवधि से पूर्व और बाढ़ के दौरान आवश्यकता के अनुरूप उनकी सेवाएं ली जा सकें।
यह भी पढ़ें: 'बातों से ज्यादा काम भी करना है...', इमरान मसूद को खड़गे ने दे डाली नसीहत
गाद बनने से नदियों को हो रहा नुकसान
बैठक को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि बिहार की नदियों के तल में गाद के जमाव एवं बालू के टीलों (Shoals) के निर्माण से नदियों के प्रवाह की दिशा एवं प्रकृति प्रभावित होती है। इससे तटबंधों, नदी तटों के संवेदनशील स्थलों एवं संबंधित संरचनाओं पर कटाव का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि सिल्ट कहीं समस्या है, तो कहीं उपयोगी भी है। इस चुनौती के समाधान के उद्देश्य से राज्य सरकार ने बिहार जलस्रोत पुनर्स्थापन एवं गाद प्रबंधन नीति, 2026 बनाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नदी से कहां और कितनी मात्रा में सिल्ट हटाई जानी है, इसका निर्धारण जल संसाधन विभाग तकनीकी अध्ययन के आधार पर करेगा।
विजय कुमार चौधरी ने उपस्थित एजेंसियों से इस दिशा में प्रभावी एवं व्यावहारिक तकनीकी समाधान प्रस्तुत करने की अपेक्षा की तथा आश्वस्त किया कि ऐसे प्रयासों में विभाग की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। बिहार में हर साल बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित होते हैं। कोसी, गंडक, बागमती, कमला, बूढ़ी गंडक जैसी नदियों में गाद जमा होने से उनकी जल वहन क्षमता घट जाती है। नतीजा यह होता है कि थोड़ी बारिश में भी पानी तटबंधों से बाहर आ जाता है और गांव डूब जाते हैं। अगर समय रहते गाद निकाल दी जाए तो बाढ़ की विभीषिका को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: दरभंगा: विद्यापति के नाम पर होगा एयरपोर्ट, CM सम्राट ने 105 योजनाओं की दी सौगात
वैज्ञानिक तरीके से होगा निस्तारण
इस अवसर पर विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि आगामी बाढ़ प्रबंधन कार्ययोजना में ड्रेजिंग एवं सिल्ट रिमूवल को व्यवस्थित रूप से शामिल किया जाएगा। इसके लिए सर्वेक्षण एवं तकनीकी अध्ययन के माध्यम से ऐसे स्थलों को चिह्नित किया जाएगा, जहां नदी की जल प्रवाह क्षमता को बेहतर बनाने के लिए सिल्ट हटाने की आवश्यकता है। साथ ही, निकाली गई सिल्ट के सुरक्षित परिवहन एवं निर्धारित स्थलों पर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि नदी में ड्रेजिंग के दौरान निकाली गई गाद के परिवहन तथा विभिन्न कार्यस्थलों तक आवश्यक उपकरणों और निर्माण सामग्रियों की आपूर्ति में बार्ज (Barge) का उपयोग महत्वपूर्ण हो सकता है।
इस क्रम में ड्रेजिंग एवं सिल्ट रिमूवल के लिए आवश्यक मशीनरी एवं उपकरणों की उपलब्धता, उनके संचालन एवं रखरखाव (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस ) तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्य निष्पादन की क्षमता को प्रमुख आधार बनाया जाएगा। सचिव ने कहा कि विभाग चाहता है कि बाढ़ आने से पहले ही तैयारी पूरी हो, ताकि बाढ़ के दौरान अफरा-तफरी की स्थिति न बने।
यह भी पढ़ें: बिहार: गांव में ही होगी बेटियों की शादी, 50 लाख के विवाह-मंडप बना रही सरकार
तटबंध को मजबूत करना जरूरी
अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार की इस नई नीति से बिहार को बाढ़ से कितनी राहत मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर ड्रेजिंग का काम वैज्ञानिक तरीके से और सही जगहों पर किया गया तो नदियों की धारा सुधरेगी, कटाव कम होगा और तटबंधों पर दबाव घटेगा। साथ ही निकाली गई सिल्ट का उपयोग सड़क निर्माण, खेतों की भराई और अन्य विकास कार्यों में भी किया जा सकता है। सरकार का दावा है कि इस बार बाढ़ प्रबंधन सिर्फ तटबंधों को मजबूत करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नदियों के अंदर की सफाई पर भी फोकस होगा। आने वाले महीनों में चिह्नित स्थलों पर सर्वे शुरू होगा और एजेंसियों को सूचीबद्ध करने के बाद काम शुरू किया जाएगा।
