बिहार के जमुई जिले में एक प्राइवेट स्कूल के डायरेक्टर पर छात्रा के साथ गलत व्यवहार करने का आरोप लगा है। मामला टाउन थाना क्षेत्र के एक स्कूल का है। आरोप है कि डायरेक्टर ने नियम के नाम पर एक छात्रा को अपने कार्यालय में बुलाया और उसके साथ गलत तरीके से व्यवहार किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के परिजन और अभिभावक स्कूल पहुंचे और हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डायरेक्टर को पूछताछ के लिए टाउन थाना ले गई। देर शाम तक पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत देने की बात कही गई।
पीड़ित छात्रा का कहना है कि उसे नियम से जुड़े एक मामले को लेकर डायरेक्टर के कार्यालय में बुलाया गया था। आरोप के मुताबिक, छात्रा एक लड़के से बात कर रही थी। इसी बात को लेकर उसे समझाने के लिए ऑफिस बुलाया गया। छात्रा का आरोप है कि कार्यालय में बातचीत के दौरान डायरेक्टर ने उससे आपत्तिजनक बातें कीं और गलत तरीके से शारीरिक संपर्क करने की कोशिश की। छात्रा ने आरोप लगाया कि डायरेक्टर ने उसे गलत तरीके से छुआ। घटना के बाद छात्रा काफी डर गई और उसने हॉस्टल में अपनी सहेलियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मामले की जानकारी परिजनों तक पहुंची।
यह भी पढ़ें: मोतिहारी में पेड़ से लटकी मिली प्रेमी-प्रेमिका की लाश, सुसाइड या ऑनर किलिंग?
परिजनों को छात्रा से नहीं मिलने दिया
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन स्कूल पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि डायरेक्टर ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया। उन्हें अपनी बेटी से भी मिलने नहीं दिया गया। परिजनों के मुताबिक, उन्हें रोकने के लिए छात्रावास के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया था। काफी देर तक हंगामा और बहस के बाद परिजनों को छात्रा से मिलने दिया गया। इसके बाद छात्रा ने उन्हें पूरी बात बताई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल और हॉस्टल में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं लेकिन डायरेक्टर के निजी कार्यालय में कैमरा नहीं लगा है। उनका कहना है कि ऑफिस में सीसीटीवी नहीं होना भी सवाल खड़े करता है।
मामले में स्कूल की एक दूसरी छात्रा ने भी डायरेक्टर के व्यवहार को लेकर सवाल उठाए हैं। छात्रा का कहना है कि डायरेक्टर का व्यवहार कई लड़कियों के साथ ठीक नहीं रहता है। आरोप है कि कई छात्राओं को अकेले में कार्यालय बुलाकर अभद्र बातें और गलत व्यवहार किया जाता था। छात्राओं का कहना है कि नियम और करियर की बात कहकर उन्हें ऑफिस बुलाया जाता था। हालांकि डर की वजह से कोई खुलकर सामने नहीं आ पाता था। इस घटना के सामने आने के बाद दूसरे अभिभावकों में भी नाराजगी देखी गई।
यह भी पढ़ें: सासाराम में 12 साल पहले मरी महिला जिंदा मिली, हत्या के केस में जेल गया था परिवार
डायरेक्टर ने आरोपों को गलत बताया
वहीं स्कूल के डायरेक्टर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उन्हें साजिश के तहत बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्कूल की छवि खराब करने के लिए यह सब किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की टीम और थाने की पुलिस मौके पर पहुंची थी। डायरेक्टर को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़िता की ओर से अभी लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीपीओ दिप्ति मोनाली ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस स्कूल के दूसरे स्टाफ और छात्राओं से भी पूछताछ कर रही है।
