बिहार के खगड़िया में पुलिस ने ट्रिपल मर्डर केस के आरोपी मिथिलेश महतो को गिरफ्तार किया है। उस पर एक लाख रुपये का इनाम था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया। मिथिलेश पर एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या का आरोप है। पुलिस का कहना है कि वह इस मामले की मुख्य चश्मदीद गवाह की हत्या की साजिश भी रच रहा था।

 

खगड़िया पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर को सूचना मिली थी कि मिथिलेश महतो किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहा है। वह चौथम थाना क्षेत्र के ट्रिपल मर्डर केस का आरोपी है। पुलिस को पता चला कि वह इस मामले की मुख्य चश्मदीद गवाह को मारने की योजना बना रहा है।

घायल बच्ची हत्याकांड की मुख्य गवाह

इस हत्याकांड में परिवार की एक 10 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई थी। इलाज के बाद उसकी जान बच गई थी। वही बच्ची इस मामले की मुख्य गवाह है। पुलिस को सूचना मिली थी कि मिथिलेश उसे मारने के लिए दूसरे अपराधियों और हथियारों का इंतजाम कर रहा है।

 

यह भी पढ़ें: पति से हुआ झगड़ा, गुस्से में मायके चली गईं ग्राम प्रधान; पंचायत 3 महीने से बंद

 

इसके बाद पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने गवाह की सुरक्षा बढ़ा दी। उसके घर के आसपास सादी वर्दी में जवान तैनात किए गए। साथ ही आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष टीम बनाई गई। इसमें STF, DIU और चौथम थाने की पुलिस शामिल थी।

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू की। इसी दौरान मिथिलेश ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसमें उसके पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया। मौके से हथियार भी बरामद किया गया है।

 

पुलिस का कहना है कि अगर आरोपी सरेंडर कर देता तो यह कार्रवाई नहीं करनी पड़ती। लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसलिए जवाबी कार्रवाई की गई।

हथौड़े से हमला कर तीन लोगों की हत्या का आरोप

बता दें कि मिथिलेश महतो पर चौथम थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या का आरोप है। पुलिस के अनुसार, उसने जयकांत पासवान, पार्वती देवी और बच्ची रचना कुमारी पर पहले हथौड़े से हमला किया था। इसके बाद धारदार हथियार से उनका गला काट दिया था।

 

यह भी पढ़ें: झारखंड: रामगढ़ में सड़क हादसा, राजरप्पा मंदिर जा रहे 13 श्रद्धालुओं की मौत

 

इस हमले में परिवार की एक और 10 साल की बच्ची भी गंभीर रूप से घायल हुई थी। उसका गला भी काटा गया था। हालांकि, इलाज के बाद उसकी जान बच गई। अब वही बच्ची इस मामले की मुख्य गवाह है।

दिल्ली में भी तीन लोगों की हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, मिथिलेश महतो का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर साल 2015 में दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या का भी आरोप है। इसके अलावा खगड़िया में अजय साह की हत्या कर शव जमीन में दबाने का मामला भी उसके खिलाफ दर्ज है। इस मामले में वह जेल जा चुका है। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में भी उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत दो केस दर्ज हैं।

 

फिलहाल मिथिलेश का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस उसके साथियों और आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चश्मदीद गवाह की हत्या की साजिश में उसके साथ और कौन लोग शामिल थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं जेल में बंद किसी अपराधी ने तो उसे गवाह की हत्या करने के लिए नहीं कहा था। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल दूसरे लोगों की तलाश जारी है।