बिहार के पटना में विधान परिषद (MLC) चुनाव की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। जन सुराज पार्टी ने वोटर लिस्ट में बड़ी गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO), बिहार को ज्ञापन सौंपा है। पार्टी ने लिस्ट में सुधार की मांग की है। पार्टी का कहना है कि लिस्ट में एक ही नाम दो-दो बार दर्ज है और इस तरह हजारों नाम डुप्लीकेट हैं।

 

जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में पार्टी के शिष्टमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात की और इस संबंध में आवेदन सौंपा। शिष्टमंडल ने MLC चुनाव की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी दूर करने और नई प्रक्रिया अपनाने की मांग की।

 

यह भी पढ़ें: मोतिहारी में पेड़ से लटकी मिली प्रेमी-प्रेमिका की लाश, सुसाइड या ऑनर किलिंग?

तिरहुत में 1668 नाम डुप्लीकेट

इस दौरान मनोज भारती ने कहा कि दो दिन पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया गया था कि MLC चुनाव की वोटर लिस्ट में बहुत ज्यादा गड़बड़ियां हैं। उन्होंने कहा कि उदाहरण के तौर पर तिरहुत क्षेत्र में 1668 नाम डुप्लीकेट हैं। एक ही नाम दो-दो बार दर्ज है और इसकी एक सूची भी सामने रखी गई थी।

 

उन्होंने कहा, 'इसी मामले को लेकर निर्वाचन आयोग को ज्ञापन दिया गया है। आयोग ने ज्ञापन लिया है और यह भी माना है कि लिस्ट में गलतियां सामने आई हैं। आयोग इन्हें ठीक करने में लगा हुआ है। जब तक चुनाव की घोषणा नहीं होगी तब तक नामों में संशोधन का काम चलता रहेगा। इसके बाद जो फाइनल वोटर लिस्ट जारी होगी उसी के आधार पर चुनाव होगा। इस तरह की गड़बड़ी से चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठता है। एक ही व्यक्ति का नाम दो बार होने से फर्जी मतदान की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए जरूरी है कि समय रहते वोटर लिस्ट ठीक की जाए और सभी डुप्लीकेट नाम हटाए जाएं।'

 

जन सुराज पार्टी ने निर्वाचन आयोग से दूसरी मांग की है कि विधानसभा और लोकसभा की तरह MLC चुनाव की वोटर लिस्ट बनाने में भी यही प्रक्रिया अपनाई जाए। चुनाव से पहले होने वाले रिवीजन में दो अलग-अलग कॉलम बनाए जाएं। एक स्नातक और दूसरा शिक्षक के लिए हो। इसके बाद निर्वाचन आयोग सूची को अलग करके शिक्षक और स्नातक के लिए वोटर लिस्ट तैयार करे। भारती ने कहा, 'अभी स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की वोटर लिस्ट में काफी कंफ्यूजन है। कई बार शिक्षक का नाम स्नातक की लिस्ट में और स्नातक का नाम शिक्षक की लिस्ट में जुड़ जाता है। इससे मतदाताओं को परेशानी होती है। अगर दो अलग-अलग कॉलम बनाए जाएंगे तो यह समस्या खत्म हो सकती है और वोटर लिस्ट ज्यादा साफ रहेगी।'

 

यह भी पढ़ें: भागलपुर में बाढ़ का बढ़ा खतरा, तटबंध बचाने में जुटा प्रशासन, कई जगह काम तेज

वोटर लिस्ट सुधारने की मांग

इस मांग पर निर्वाचन आयोग की ओर से कुछ तकनीकी बातें बताई गईं। आयोग ने कहा कि यह कानून में बदलाव से जुड़ा मामला है और उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है। इस पर मनोज भारती ने कहा कि ज्ञापन सौंपते समय सिर्फ इतना निवेदन किया गया है कि उनकी मांगों को केंद्रीय निर्वाचन आयोग के पास भेजा जाए और वहां इस मुद्दे को रखा जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी चाहती है कि केंद्रीय निर्वाचन आयोग इस मामले पर विचार करे और MLC चुनाव की वोटर लिस्ट बनाने की प्रक्रिया में सुधार करे। इससे आगे इस तरह की गड़बड़ियां न हों और हर योग्य मतदाता का नाम लिस्ट में शामिल हो सके।

 

वहीं जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ ने कहा, 'जो वोटर लिस्ट जारी हुई थी उसमें सुधार किया जाना चाहिए था। लिस्ट में गड़बड़ी है और इसका सबूत भी जन सुराज पार्टी ने दिया है।' हालांकि आयोग का कहना है कि यह लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। चुनाव की अधिसूचना आने के बाद फाइनल लिस्ट जारी होगी और उसमें कोशिश की जाएगी कि कोई गलती न रहे।

कुमार ने कहा, 'CEO की ओर से भरोसा दिया गया है कि फाइनल लिस्ट में यह गड़बड़ी नहीं रहेगी। आयोग ने माना है कि लिस्ट में कुछ गलतियां हैं और उन्हें ठीक करने का काम चल रहा है। जन सुराज पार्टी इस मामले पर नजर बनाए रखेगी। अगर फाइनल लिस्ट में भी गड़बड़ी रही तो फिर से आयोग से शिकायत की जाएगी।'