बिहार के पूर्णिया के. हाट थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद का खौफनाक मामला सामने आया है। कॉलेज चौक के पास किराए के मकान में रहने वाले एक बैंकर पति ने अपने 9 साल के बेटे के सामने पत्नी को गोली मार दी। गोली महिला के सीने में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति घर से फरार हो गया। मृतका की पहचान शालिनी कुमारी के रूप में हुई है। वह अररिया जिले के रानीगंज में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। शालिनी अपने पति राजकुमार और दो बच्चों के साथ कॉलेज चौक के पास किराए के मकान में रहती थी।
बेटे ने पुलिस को बताया कि रात में मम्मी-पापा के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था। इसी दौरान पापा ने अलमारी से पिस्टल निकाली और कहा आज सारा खेल खत्म कर दूंगा। इतना कहकर उसने मम्मी के सीने पर गोली चला दी। घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: बॉस बनकर कर्मचारी से 25 हजार ठगने की कोशिश, स्कैमर ने गिफ्ट वाउचर से फंसाया
बैंकर पति की पत्नी शालिनी थी सरकारी टीचर
परिजन ने बताया कि शालिनी पेशे से शिक्षिका थी और अररिया के रानीगंज स्थित एक सरकारी स्कूल में पढ़ाती थी। वह BPSC के जरिए नियुक्त हुई थी और अपने काम के प्रति काफी ईमानदार थी। वहीं आरोपी पति राजकुमार पूर्णिया के एक कॉपरेटिव बैंक में कार्यरत है। दोनों की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी।
दंपति के दो बच्चे हैं, जिनमें बड़ा बेटा 9 साल का और छोटी बेटी 5 साल की है। पड़ोसियों के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी इसी तरह का विवाद शुरू हुआ जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि राजकुमार ने आपा खो दिया और पिस्टल निकाल ली। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग जमा हो गए। आनन-फानन में शालिनी को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: 'हुड्डा को हराया तो केस हो गया...', यौन उत्पीड़न के आरोपों पर क्या बोले बृजभूषण?
पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल बरामद की
घटना के बाद आरोपी राजकुमार घर से फरार हो गया। सूचना मिलते ही के. हाट थाना पुलिस और सदर SDPO मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल का एक खोखा बरामद किया है और फोरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटवाए हैं। शालिनी के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतका के परिजन के बयान दर्ज किए हैं। 9 साल के बेटे का भी बयान लिया गया है जिसमें उसने बताया कि पापा ने ही गोली चलाई थी।
के. हाट थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। उसके मोबाइल को ट्रेस किया जा रहा है और संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीम भेजी गई है। प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के घरेलू विवाद का लग रहा है लेकिन हत्या में प्रयुक्त पिस्टल कहां से आई इसकी भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: 'हुड्डा को हराया तो केस हो गया...', यौन उत्पीड़न के आरोपों पर क्या बोले बृजभूषण?
दहेज को लेकर उत्पीड़न के भी आरोप लगे
शालिनी की हत्या की खबर सुनते ही स्कूल और मोहल्ले में शोक की लहर है। रानीगंज के स्कूल के शिक्षकों और अभिभावकों ने कहा कि शालिनी बहुत मेहनती और मिलनसार शिक्षिका थी। बच्चों से उसका गहरा लगाव था। उसकी इस तरह हत्या से सभी स्तब्ध हैं। मायके वालों ने आरोपी पति राजकुमार पर पहले से दहेज और मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कई बार पंचायत भी हुई थी लेकिन राजकुमार का व्यवहार नहीं सुधरा। पुलिस ने IPC की धारा 103 और आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज कर ली है। SDPO ने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं दोनों बच्चों को अभी उनके नाना-नानी के हवाले किया गया है।
