बिहार के समस्तीपुर जिले में युवतियों से बदसलूकी के वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं। पिछले तीन दिनों में ऐसा तीसरा वीडियो वायरल हुआ है। ताजा वीडियो को कल्याणपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। इसमें कुछ लोग एक लड़की को घेरकर साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में कुछ लोगों को उसका दुपट्टा खींचते और हाथ मरोड़ते हुए भी देखा जा सकता है।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। समस्तीपुर के SP अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि वीडियो की जांच की जा रही है। अभी यह साफ नहीं है कि वीडियो कल्याणपुर थाना क्षेत्र का ही है या किसी दूसरे जगह का। पुलिस वीडियो की तारीख, स्थान और इसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की पुष्टि करने में जुटी है।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद के जंगल में मिला 2.5 किलो का IED, सुरक्षाबलों को उड़ाने की थी तैयारी
तेजस्वी यादव ने सरकार पर उठाए सवाल
इस वीडियो को बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी शेयर किया है। वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और सरकार पर निशाना साधा। तेजस्वी ने ऐसी घटनाओं के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
तीन दिन में सामने आए तीन वीडियो
समस्तीपुर में पिछले कुछ दिनों में महिलाओं और युवतियों के साथ बदसलूकी के कई वीडियो सामने आए हैं। बुधवार देर रात करपुरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर से एक युवती के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस ने जांच के बाद इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके करीब 16 घंटे बाद मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटबसेपुरा गांव से एक युवक और युवती के साथ मारपीट और बदसलूकी का वीडियो सामने आया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: ठेके में घुसी गर्भवती बंदरिया, एक बोतल शराब पी; आराम से सोने भी लगी
वायरल वीडियो की सच्चाई जांच रही पुलिस
तीसरे वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस अब इसकी वास्तविकता की जांच कर रही है। SP के मुताबिक, जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वीडियो कब बनाया गया, कहां का है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। घटना के पीछे की वजह भी पता की जा रही है। पुलिस के सामने एक चुनौती यह भी है कि सोशल मीडिया पर कई बार पुराने वीडियो को नई घटना से जोड़कर वायरल कर दिया जाता है। इसलिए पुलिस पहले वीडियो की तारीख और लोकेशन की पुष्टि कर रही है।
