बिहार में जल्द ही फिल्म सिटी का निर्माण किया जाएगा। सरकार फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग दे रही है। भोजपुरी के साथ अंगिका, मगही, बज्जिका और मैथिली भाषाओं में फिल्मों की शूटिंग को भी पूरा सहयोग मिलेगा। बिहार में 54 फिल्मों की शूटिंग के लिए सरकार ने सहमति दे दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर स्थित ज्ञान भवन में आयोजित भोजपुरी बवाल के ग्रैंड फिनाले कार्यक्रम में इसका एलान किया। उन्होंने कहा कि बिहार की सभ्यता और संस्कृति को दुनिया के सामने लाना सरकार के साथ-साथ सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।

 

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की धरती पर जियो हॉटस्टार और कलर्स की ओर से भोजपुरी बवाल जैसे कार्यक्रम का आयोजन होना खुशी की बात है। उन्होंने पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार बदल चुका है और फिल्म जगत से जुड़े लोगों का बिहार में स्वागत है। सरकार फिल्म निर्माण से जुड़े कलाकारों और निर्माताओं को हरसंभव सहयोग देगी।

 

यह भी पढ़ें: 3 महीने में बनेगा बिहार माटी कला बोर्ड, प्रजापति समाज के लिए CM का बड़ा एलान

बिहार में फिल्म शूटिंग को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की धरती ने करीब 2000 साल पहले भारत को स्वर्णिम काल दिया था। नालंदा और विक्रमशिला जैसे विश्वविद्यालयों से पूरी दुनिया में ज्ञान की रोशनी पहुंची। पाटलिपुत्र भी भारत की सत्ता और संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। ऐसे में बिहार की समृद्ध सभ्यता, संस्कृति और विरासत को सकारात्मक तरीके से दुनिया के सामने लाने की जरूरत है। फिल्मों के जरिए बिहार की अच्छी तस्वीर लोगों तक पहुंचाई जा सकती है।

 

उन्होंने कहा कि बिहार में फिल्मों की शूटिंग के लिए काफी संभावनाएं हैं। यहां प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक स्थल, गंगा के घाट, जंगल, पहाड़ और गांव की संस्कृति मौजूद है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में 54 फिल्मों की शूटिंग के लिए सरकार ने सहमति दी है। अभिनेता सुनील शेट्टी ने भी अक्टूबर से बिहार में फिल्म की शूटिंग करने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि भोजपुरी के साथ अंगिका, मगही, बज्जिका और मैथिली भाषाओं में फिल्म निर्माण को भी बढ़ावा दिया जाएगा। सरकार इसके लिए पूरा सहयोग करेगी।

 

यह भी पढ़ें: लखनऊ में 58 लाख में हुई 243 जब्त भैंसों की नीलामी, सपा ने क्यों किया हंगामा?

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बिहार में फिल्मों की शूटिंग के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकार की ओर से लोकेशन, सुरक्षा और सब्सिडी जैसी सुविधाएं देने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने भोजपुरी फिल्म जगत के कलाकारों से बिहार में फिल्म सिटी के लिए सही जगह चुनने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार फिल्म सिटी का निर्माण करेगी। बिहार के बच्चों में अभिनेता, निर्देशक, लेखक, संगीतकार और फिल्म निर्माण से जुड़े दूसरे क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रतिभा है। सरकार उन्हें बेहतर अवसर और जरूरी सुविधाएं देने के लिए काम करेगी।

 

उन्होंने कहा कि बिहार में ईको टूरिज्म और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी लगातार काम हो रहा है। इससे बिहार की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक जगहों और संस्कृति को देश-दुनिया के लोगों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समय है कि युवा कंप्यूटर से क्रिएटर और ऑडियंस से इन्वेस्टर बनने की दिशा में आगे बढ़ें। मुख्मंत्री ने बिहार के युवाओं की प्रतिभा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश की कई बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में बिहार के युवा अच्छा प्रदर्शन करते हैं। सरकार ने 700 मॉडल स्कूल स्थापित किए हैं जहां अच्छी शिक्षा देने पर जोर दिया जा रहा है। पढ़ाई में किसी तरह की परेशानी होने पर विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से शिक्षकों की मदद देने की व्यवस्था भी की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में पेपर लीक और नकल पर लगेगा ब्रेक, 5 सदस्यीय समिति करेगी परीक्षा सुधार

बिहार की सकारात्मक छवि दिखाएं कलाकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की सभ्यता और संस्कृति को दुनिया के सामने रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बिहार में अमीर से लेकर गरीब तक सभी को बिजली सब्सिडी दी जा रही है। राज्य में सड़क, मेट्रो और रैपिड रेल जैसी आधुनिक परिवहन सुविधाओं पर भी काम हो रहा है। बेहतर सड़क संपर्क के कारण पटना से गया, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर जैसे शहरों की यात्रा पहले के मुकाबले आसान हुई है।

 

मुख्यमंत्री ने बिहार की संस्कृति का जिक्र करते हुए कहा कि यहां लोग उगते सूर्य के साथ-साथ डूबते सूर्य की भी पूजा करते हैं। छठ पर्व इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने भोजपुरी बवाल के सफल आयोजन की शुभकामना दी और कहा कि यह कार्यक्रम बिहार के 14 करोड़ लोगों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के करीब 26 करोड़ लोगों और दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचना चाहिए। अंत में मुख्यमंत्री ने कलाकारों से बिहार की सकारात्मक छवि दिखाने, राज्य की संस्कृति को आगे बढ़ाने और बिहार का ब्रांड एंबेसडर बनने की अपील की।