बिहार के सीतामढ़ी जिले में मेहसौल थाना क्षेत्र के डुमरा रोड पर बने एक 3 मंजिला मॉल की छत से गिरकर एक युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। युवती के भाई ने हत्या की आशंका जताई है। भाई का आरोप है कि मॉल में काम करने वाला एक युवक उनकी बहन को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। वह उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में घटना सनसनी फैल गई।  

 

युवती की पहचान परसौनी थाना क्षेत्र के राजा परसौनी गांव निवासी श्यामा कुमारी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मेहसौल थाना की टीम मौके पर पहुंची। मॉल से युवती का शव बरामद किया गया। पुलिस ने युवती की चप्पल और अन्य सामान भी बरामद किए हैं। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। 

 

यह भी पढ़ें: बिहार: ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा, 2600 मेगावाट की दुर्गावती परियोजना में आएगी तेजी

भाई ने युवक पर लगाया ब्लैकमेल का आरोप 

युवती के भाई प्रिंस कुमार ने मॉल के एक कर्मचारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाई का कहना है कि मॉल में कार्यरत एक युवक लगातार उनकी बहन को ब्लैकमेल कर रहा था और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। करीब एक महीने पहले युवती ने इस संबंध में थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी, तब भ आरोपी युवक ने परेशान करना बंद नहीं किया। परिजनों ने मॉल प्रबंधन और उसी युवक पर साजिश के तहत हत्या कराने का आरोप लगाया है। परिवार वालों का कहना है कि ये आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है।

CCTV फुटेज और फॉरेंसिक जांच में जुटी पुलिस

इस घटना की सूचना मिलते ही मेहसौल थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने सबसे पहले मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवती कब और किसके साथ छत पर गई थी। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने छत से बरामद सामानों को जब्त कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह साफ हो सकेगी। 

 

मेहसौल थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। परिजनों के आरोपों के आधार पर मॉल के उस युवक से भी पूछताछ की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: 'किसके आदेश पर AK-47 चलाई? CM की आपराधिक छवि है', भड़क गए तेजस्वी यादव

निष्पक्ष जांच की मांग

इस घटना के बाद मॉल और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। लड़की के परिजनों और गांव के लोग मॉल के बाहर जमा हो गए और निष्पक्ष जांच की मांग करने लगे। परिवार वालों का कहना है कि समय रहते महिला थाने में दर्ज प्राथमिकी पर कार्रवाई हुई होती तो शायद उनकी बेटी की जान बच जाती। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को कड़ी सजा दी जाए। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक जांच के आधार पर ही आगे यह तय होगा कि यह आत्महत्या है या हत्या।