बिहार के जमुई जिले के सोनो थाना क्षेत्र से बैंकिंग जालसाजी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक आदिवासी महिला के बैंक खाते में उसकी जानकारी के बिना करीब 3 करोड़ रुपये का लेनदेन हो गया। जब महिला को इसकी भनक लगी तो उसके होश उड़ गए। पीड़ित महिला का आरोप है कि उसे सरकारी पैसा आने का झांसा देकर खाता खुलवाया गया और फिर एटीएम कार्ड हड़प कर उसके खाते को जालसाजों ने अपना काला धन ठिकाना लगाने का जरिया बना लिया।

 

यह मामला सोनो थाना क्षेत्र के सलैया गांव का है। यहां की रहने वाली बड़की किसकु नाम की महिला उस वक्त हैरान रह गई, जब उसे पता चला कि उसके नाम पर खुले बिहार ग्रामीण बैंक के खाते में लाखों-करोड़ों का लेनदेन हो रहा है। महिला ने पूरे मामले को लेकर सोनो थाना में लिखित आवेदन देकर जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में बाढ़ का कहर, 11 जिलों के 10.26 लाख लोग प्रभावित, सरकार ने झोंकी ताकत

सरकारी पैसा आएगा कहकर खुलवाया खाता

बड़की किसकु के मुताबिक, यह पूरा खेल सोनो के मांधाता स्थित बिहार ग्रामीण बैंक के सीएसपी केंद्र से शुरू हुआ। वहां केशोफरका निवासी विक्रम पासवान नाम के युवक ने उसे सरकारी योजना का लाभ दिलाने का झांसा दिया। कहा गया कि सरकार की ओर से तुम्हारे नाम पर पैसे भेजे जाएंगे, इसके लिए बैंक में खाता खुलवाना होगा।

महिला उसकी बातों में आ गई। विक्रम पासवान के माध्यम से उसके नाम पर बिहार ग्रामीण बैंक में खाता खुलवा दिया गया। महिला का कहना है कि खाता खुलने के करीब दो दिन बाद ही उसका एटीएम कार्ड भी बनकर आ गया। खाता और एटीएम कार्ड मिलने के बाद आरोपी विक्रम पासवान ने जिद करके उसका एटीएम कार्ड अपने पास रख लिया। महिला को कहा गया कि जब सरकारी पैसा आएगा तो वह खुद निकालकर दे देगा। उस समय महिला को अंदाजा भी नहीं था कि उसके नाम पर खुले इस खाते का इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा है। वह तो बस सरकारी मदद के इंतजार में थी।

 

यह भी पढ़ें: 'मशीन बनाने का बजट नहीं था तो खुद से की सफाई', बिट्टू तबाही ने बताई एक-एक बात

बैंक में स्टेटमेंट देखा तो उड़े होश

इस फर्जीवाड़े का खुलासा भी फिल्मी अंदाज में हुआ। महिला के अनुसार, ग्राम राज लोहा के मुखिया जमादार सिंह ने उसे जानकारी दी कि समस्तीपुर निवासी सतीश कुमार राय नाम के व्यक्ति की 1 लाख 9 हजार रुपये की राशि उसके बैंक खाते में ट्रांसफर हुई है। मुखिया की बात सुनकर महिला घबरा गई क्योंकि उसने तो किसी को खाता नंबर दिया ही नहीं था। इसके बाद वह तुरंत सोनो स्थित बिहार ग्रामीण बैंक की शाखा पहुंची और अपने खाते का स्टेटमेंट निकलवाने की मांग की। बैंक से मिले स्टेटमेंट को जब उसने लोगों से पढ़वाया तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। खाते में लंबे समय से बड़ी-बड़ी रकम का लेनदेन हो रहा था, जिसकी उसे कोई जानकारी नहीं थी।

 

शिकायत में महिला ने बताया है कि बैंक की ओर से उसे 47,88,610 रुपये के ट्रांजैक्शन का दस्तावेज दिया गया है। जब उसने बैंक अधिकारी से बात की तो अधिकारी ने बताया कि उसके खाते में अब तक करीब 3 करोड़ रुपये का लेनदेन हो चुका है। 3 करोड़ का आंकड़ा सुनते ही महिला सन्न रह गई। एक गरीब महिला के खाते में इतनी बड़ी रकम कहां से आई और कहां गई, यह बड़ा सवाल बन गया है।

 

यह भी पढ़ें: BJP विधायक सुधीर का करीबी नेक राम गिरफ्तार, 13 करोड़ की मिली अवैध संपत्ति

पति के नाम पर भी खुलवाया खाता

बड़की किसकु ने अपने आवेदन में एक और सनसनीखेज आरोप लगाया है। उसका कहना है कि आरोपी विक्रम पासवान ने उसके पति लेनेलाल किसकु के नाम से भी बैंक खाता खुलवाया था। महिला को अब आशंका है कि कहीं उसके पति के खाते का भी इसी तरह दुरुपयोग तो नहीं किया गया है। उसे पति के खाते में हुए किसी भी लेनदेन की कोई जानकारी नहीं है। उसे डर है कि जालसाजों ने दोनों खातों को मिलाकर बड़े पैमाने पर अवैध लेनदेन किया है।

 

पीड़ित महिला ने सोनो थानाध्यक्ष से मांग की है कि उसके बैंक खाते में हुए सभी लेनदेन की गहन जांच कराई जाए। खाता किसने खुलवाया, एटीएम किसके पास रहा, किन-किन खातों से पैसे आए और किन खातों में गए, इसकी पूरी पड़ताल हो। अगर किसी व्यक्ति ने उसके खाते का गलत इस्तेमाल किया है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल में फटने को तैयार ‘वाटर बम’, 30 फीसदी तक बढ़ा 9 ग्लेशियल झीलों का आकार

 

इस पूरे मामले में सबसे बड़ी बात यह है कि आरोपित विक्रम पासवान से संपर्क नहीं हो पा रहा है। उसका फोन बंद बताया जा रहा है, इसलिए उसका पक्ष सामने नहीं आ सका है। इधर, सोनो थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है। बैंक से भी लेनदेन की पूरी डिटेल मांगी गई है।