हिमाचल की मंडी लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद कंगना रनौत शनिवार को जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (DISHA) की बैठक में शामिल हुईं। इस दौरान कंगना का एक अलग ही रूप देखने को मिला। कंगना ने सांसद निधि जारी होने के बावजूद खर्च नहीं होने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जब आप लोगों को कुछ काम करना ही नहीं तो मीटिंग के नाम पर यह दिखावा क्यों कर रहे हो? दरअसल, कंगना रनौत को इस बात पर आपत्ति थी कि सांसद निधि जारी होने के बावजूद अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं। बदले में उन्हें जनता के सवालों का सामना करना पड़ता है। नतीजा उनकी जग हंसाई होती है।
यह भी पढ़ें: सचिन पायलट बने पंजाब कांग्रेस के प्रभारी, चन्नी बोले- हाईकमान का धन्यवाद
वायरल वीडियो में कंगना रनौत अधिकारियों से कहती हैं, 'यह कैसा व्यवहार है? यह मीटिंग के नाम पर दिखावा क्यों रहे हो, जब आप लोगों को काम कुछ करना ही नहीं है। यह एक भद्दा मजाक बन गया है।'
वे आगे कहती हैं, 'मैं नेशनल मीडिया पर तो आप लोगों के बारे कुछ बोल भी नहीं सकती। आप लोगों के कामकाज के बारे में क्या बताएं? वहां हम चुप रह जाते हैं। कड़वा घूंट पी जाते हैं, लेकिन आप लोगों को शर्म आती है। अभी भी 11 करोड़ रुपये में से आधी रकम खर्च नहीं हुई है।' रनौत ने आरोप लगाया कि मंडी के अधिकारी उनके ऑफिस की बात तक नहीं सुनते हैं।
'11 करोड़ दिए, एक काम नहीं हुआ'
बैठक में अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सांसद कंगना रनौत कहती हैं, '11 करोड़ दिए हैं और काम एक भी नहीं हुआ। इतनी निठल्ली है, इतनी निकृष्ट है। क्या बोलूं मैं वहां पर मीडिया के सामने कि यहां पर ये (अधिकारी) सिर्फ तनख्वाह खाने के लिए आते है। महा फूहड़ किस्म के लोग हैं, जिन्होंने कुर्सियां ली हुई हैं। एक सांसद का काम होता है पैसे देना। मार्च-अप्रैल तक दो वर्षों में मंडी पूरे क्षेत्र में एक करोड़ रुपये भी खर्च नहीं हुए। जिसमें से सिर्फ मंडी में 50 से 60 लाख रुपये भी खर्च नहीं हुए। मंत्रालय से हमें इतने सारे लेटर भेजने पड़े।'
यह भी पढ़ें: कर्ज चुकाने के बाद भी 5 लाख रुपये मांगे, शख्स ने झील में कूदकर जान दे दी
आगे कहती हैं, 'अब भी मंडी क्षेत्र में सिर्फ पांच करोड़ का काम है। कितने सारे आप लोग हो, मुझे आपका ऑफिस मिले तो मैं एक-एक दिन में यह काम करके दिखाऊंगी। आप लोग किस तरह के हो। तुम लोगों को डराने के लिए केंद्र से लेटर भेजने पड़ते हैं कि काम करो... काम करो।'
कितना निगेटिव प्रचार हो रहा, लोग रील्स बना रहे: कंगना
कंगना ने कहा, 'इतना ज्यादा निगेटिव प्रचार हो रहा है। लोग इतना ज्यादा रील्स बना रहे हैं। उसके बाद भी क्या आप लोग अपने ऑफिस में बैठकर हंसते हो? अगर मैं तुम लोगों की पोल खोलू तो... अगर मैं पूरे देश को आपके कामकाज के तरीके के बारे में बता दूं, लेकिन जब मेरी जग हंसाई हो रही है तो आप लोग क्या कर रहो। मेरे ऑफिस की तो तुम लोग बात ही नहीं सुनते हो।' आरोप लगाया कि हर दिशा मीटिंग में सिर्फ जुमले ही मिलते हैं।
