जम्मू-कश्मीर में सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक तनवीर सादिक के बयान पर हंगामा मच गया। बीजेपी ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया और कहा कि सादिक का बयान कश्मीरी महिलाओं का अपमान करता है। उन्हें बिना शर्त माफी मांगना चाहिए। बाद में नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक सलमान सागर ने तनवीर सादिक की तरफ से माफी मांगी। श्रीनगर में बीजेपी नेताओं ने तनवीर सादिक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के संस्थापक शेख अब्दुल्ला की 44वीं पुण्यतिथि पर विधायक तनवीर सादिक ने एक विवादित बयान दिया था। इसमें उन्होंने कहा था कि शेख अब्दुल्ला के सत्ता में आने से पहले कश्मीर में इतनी गरीबी थी कि एक पूरे गांव में पहनने के लिए सिर्फ एक 'याजर' (पायजामा) हुआ करता था। शेख अब्दुल्ला ने ही कुछ ऐतिहासिक कदम उठाए और कश्मीर को गरीबी से बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें: 'नेपाल की सेना-पुलिस ने लूटी राहत सामग्री', अफवाहें तेज, सरकार को देनी पड़ी सफाई
अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा: बीजेपी
जम्मू-कश्मीर में बीजेपी के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि सादिक का बयान बेहद अपमानजनक है। तनवीर को अपने शब्दों पर ध्यान देना चाहिए। आप केवल सियासी बयान नहीं दे रहे हैं। आप कश्मीर के लोगों और उनकी विरासत का अपमान कर रहे हैं। इस तरह का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पीडीपी ने भी दागा सवाल
पीडीपी ने भी सादिक के बयान पर आपत्ति जताई और अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'क्या नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रवक्ता कश्मीरियों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों के लिए बिना शर्त माफी मांगेंगे?' एक अन्य बीजेपी नेता और महासचिव अनवर खान ने कहा कि सादिक का बयान शर्मनाक और हर कश्मीरी मां-बहन का अपमान है। बीजेपी ने सादिक से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।
यह भी पढ़ें: सड़क पर पेशाब करने पर टोका, 5 लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला
मैं माफी मांगता हूं: सलमान सागर
नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक सलमान सागर ने कहा कि तनवीर सादिक का उद्देश्य किसी को अपमानित करना नहीं था। वह आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में उठाए गए शेख अब्दुल्ला के कदमों की तरफ ध्यान दिलाना चाहते थे। सागर ने आगे कहा, 'अगर किसी की भावनाएं आहत हुई हैं या लोगों को लगता है कि तनवीर सादिक साहब ने कुछ गलत कहा है तो मेरा मानना है कि उन्हें माफी मांगनी चाहिए। मैं तनवीर सादिक की तरफ से माफी मांगता हूं।'
