कर्नाटक के तुमकुरु जिले में एक ऐसी रची-रचाई साजिश का मामला सामने आया है, जहां एक शख्स का अपनी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो गया। महिला ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। इसी बात से शख्स गुस्से से आगबबूला हो गया और महिला के साथ अपनी जान लेने की साजिश रच दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शख्स ने पहले अपनी एक्स गर्लफ्रेंड को किडनैप किया। इसके बाद वह महिला के साथ एक कैब में विस्फोटक सामान लेकर बैठ गया। महिला ने अपनी जान बचाने की कोशिश की और कार में विस्फोट होने से पहले गाड़ी से बाहर आ गई, जबकि आरोपी शख्स कार धमाके की आग में जल गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह घटना तुमकुरु जिले के सिरा तालुक में हुई, जहां शनिवार को सड़क पर कार में धमाका हुआ। इस घटना की वजह से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। इस घटना में महिला और कैब चालक अपनी जान बचाने में सफल रहे। फिलहाल दोनों अस्पताल में भर्ती हैं। जानकारी के मुताबिक, आरोपी शख्स का नाम नागेंद्र था।
यह भी पढ़ें: केतन की हत्या कैसे हुई थी? पुलिस ने सिया को ले जाकर क्राइम सीन दोहराया
नंबर ब्लॉक करने पर किया किडनैप
पुलिस अधिकारियों ने शुरुआती जांच के आधार पर बताया कि नागेंद्र और महिला के बीच प्रेम संबंध था। हालांकि, दोनों के बीच विवाद हुआ, जिससे उनके रिश्ते में दरार आ गई। इसके बाद महिला ने नागेंद्र से ब्रेकअप कर लिया और उसका फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिया।
महिला बेंगलुरु के संजय गांधी अस्पताल में ऑटो टेक्नीशियन है और जयनगर में एक किराए के मकान में रहती है। शनिवार सुबह नागेंद्र महिला के घर पहुंच गया, जहां दोनों के बीच बहस हुई। इसके बाद नागेंद्र जबरदस्ती महिला को अपने साथ बाहर खड़ी एक कैब में ले गया। कैब में वह अपने साथ विस्फोटक सामान लेकर बैठा था। पुलिस के मुताबिक, नागेंद्र ने कैब में महिला को जान से मारने की धमकी दी और चाकू से उस पर हमला भी किया।
कैब चालक भी आरोपी नागेंद्र को रोक नहीं पाया, लेकिन जैसे ही उसे शक हुआ कि नागेंद्र कार में ब्लास्ट करने वाला है, वह कार से निकलकर भाग गया। कैब चालक के बाहर निकलते ही कार बीच सड़क पर रुक गई। तभी महिला भी कार से बाहर निकल गई और उसके कुछ सेकंड बाद ही कार में ब्लास्ट हो गया।
यह भी पढ़ें: 'सिया भी सोनम जैसी, मत दो जमानत', राजा रघुवंशी की मां ने ऐसा क्यों कहा?
पुलिस की जांच जारी
पीड़ित महिला के परिवार वालों ने किडनैपिंग की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद तुमकुरु पुलिस के एसपी अशोक केवी को जानकारी मिली कि नेशनल हाईवे पर एक कार में आग लग गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि कार में मौजूद मृत व्यक्ति ने ही विस्फोट की साजिश रची थी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने कार में ब्लास्ट करने के लिए किस विस्फोटक का इस्तेमाल किया था।


