महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के वर्सोवा इलाके में रहने वाले एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड की सहेली के बालों की तारीफ की थी, जिसके बाद गर्लफ्रेंड जलन से तिलमिला उठी और सहेली के साथ मारपीट की और उसके सुंदर बाल काट दिए। यह वारदात आरोपी महिला ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर की थी। गर्लफ्रेंड ने सहेली के बाल काटने का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया और धमकी भी दी है। इस घटना के बाद पीड़िता सहम गई है। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

 

यह घटना 25 मार्च की देर रात की है, जब आरोपी महिला अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर पीड़िता के घर गई थी। वहां जाकर उन्होंने पीड़िता को घसीटकर पीटा और उसके बाल काट दिए। पीड़िता 21 साल की कॉलेज छात्रा है, जिसके बेहद सुंदर बाल थे और लोग अक्सर उसके बालों की तारीफ करते थे। आरोपी महिला का नाम लाइबा है। पुलिस के मुताबिक, लाइबा का बॉयफ्रेंड भी अक्सर पीड़िता के बालों की तारीफ करता था, जिससे वह जलन से आगबबूला हो गई थी। उसे शक था कि उसके बॉयफ्रेंड को पीड़िता पसंद है।

 

यह भी पढ़ें: रेग्युलर जिम, बेहद फिट शरीर, वर्कआउट करते करते दिल्ली पुलिस के जवान की मौत

 

क्या है पूरा मामला?

पुलिस शिकायत में पीड़िता ने बताया कि लाइबा और हर्षित के बीच प्रेम संबंध था। लाइबा के सामने ही हर्षित ने पीड़िता के बालों की तारीफ की थी, उसी समय लाइबा गुस्से से लाल हो गई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि लाइबा को शक था कि उसका उसके बॉयफ्रेंड के साथ संबंध है।

 

इसी शक के कारण 25 मार्च की रात दोनों के बीच बहस हुई। देर रात यह बहस इतनी तेज हो गई कि मारपीट में बदल गई। उसी दौरान लाइबा और उसके दो दोस्तों ने मिलकर पीड़िता के बाल काट दिए। यह घटना उस समय हुई जब पीड़िता घर पर अकेली थी। लाइबा ने पीड़िता के साथ मारपीट घर के बाहर की थी।

 

यह भी पढ़ें: कांग्रेस को छोड़ना होगा 24 अकबर रोड बंगला, सरकारी आदेश पर कार्यकर्ता भड़क गए

 

पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने लाइबा और उसके दो साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपियों पर न्याय संहिता की धारा 329(3), 329(4), 351(2) और 351(3) के तहत मामले की जांच की जा रही है। अगर तीनों आरोपी दोषी पाए गए तो उन्हें इन धाराओं के तहत सजा दी जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।