मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक रामेश्वर शर्मा एक बार फिर से अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह कह रहे हैं कि गरबा में मुसलमान आएं तो अपनी बहन-बेटियां लेकर आएं, हमारे भी घोड़े तैयार हैं। उन्होंने कहा कि गरबा मां भगवती की आराधना का पर्व है तो इसमें अच्छे मन से आओ। अब इसी बयान को लेकर उनकी आलोचना हो रही है। कांग्रेस और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के नेताओं ने रामेश्वर शर्मा पर सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस के विधायक आरिफ मसूद ने कहा है कि उन्होंने सुना था कि गरबा में सिर्फ इंसान जाते हैं लेकिन इसे सब गधे दिख रहे हैं। उन्होंने रामेश्वर शर्मा को नसीहत देते हुए कहा है कि बहुत बदतमीजी हो गई है और अब उन्हें सुधर जाना चाहिए। AIMIM मध्य प्रदेश के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने कहा है कि रामेश्वर शर्मा जैसे लोग नफरत फैलाते हैं और मुख्यमंत्री मोहन यादव ऐसे लोगों को संरक्षण दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: आजमगढ़: बीवी और 2 पुजारियों को मार डाला था, एनकाउंटर के बाद गई आरोपी की जान
क्या बोले थे रामेश्वर शर्मा?
एक कार्यक्रम में पहुंचे विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा था, 'आप गौमाता की रक्षा करो किसी को परेशानी नहीं है। अकेले लड़के ही गरबा में क्यों आना चाहते हैं? घर से अपनी बहन-बेटियों को भी लेकर आओ। हमारे भी घोड़े तैयार हैं। कोई भी गरबा केवल उत्सव नहीं है। यह सनातन की, यह मां भगवती की आराधना का पर्व है। अच्छे मन से आओगे तो भगवती आशीर्वाद देंगी और बुरे और पापी मन से आओगे तो यह वही देवी है जो वंशाधर का भी वध करती है और राक्षसों का भी वध करती है।'
अपने इस बयान पर सफाई देते हुए रामेश्वर शर्मा ने कहा, 'मैं जिस पर जो बोलता हूं, पूरा वीडियो सुना करो। अधूरे भावना से वीडियो नहीं सुना करो। मैंने गरबा के मामले में स्पष्ट रूप से कहा है कि किसी को भी गरबा में आना है तो देवी मां की आराधना की भावना से आए। फिर अकेले मुस्लिम लड़के ही क्यों आना चाहते हैं? उनकी भी तो बहन-बेटियां हैं। हमारी भी बहन-बेटियां जाती हैं गरबा में तो वे भी अपनी बहन-बेटियों को लेकर आएं और मां की आराधना करें।'
यह भी पढ़ें: समर्थन से 2 बार विधायक बने OP राजभर, किस आधार पर पूर्वांचल का CM बनना चाहते हैं?
उन्होंने आगे कहा, 'अगर तुम्हें हिंदू धर्म से इतना ही लगाव हो गया है तो जिस तरह रहीम के मन में, रसखान के मन में कान्हा बस गए थे। वैसे ही राम, कृष्ण, महावीर और गौतम बुद्ध को अपने मन में बसाओ। सनातन स्वीकार करो। डीएनए बी तुम्हारा वही तो है, कौनसा अरब कंट्री से पैदा हुए हो। गरबा को तमाशा बनाओगे, गरबा में आकर लव जिहाद की नौटंकी करोगे तो ध्यान रखना भारत का नौजवान प्रतिकार के लिए तैयार है। अपने मां-बाप की भी सेवा करेगी और अपनी बहनों की भी सुरक्षा करेगा।'
