उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह ऑनर किलिंग जैसी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आरोप है कि प्रेम संबंध से नाराज भाई ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग बहन की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी तब तक बहन पर वार करता रहा, जब तक उसकी मौके पर ही मौत नहीं हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

 

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान सुमित्रा (17) के रूप में हुई है। वह 22 जुलाई को अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। बाद में युवती न्यायालय में पेश हुई और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद घर लौट आई थी। इसके बाद से परिवार में, खासकर उसके भाई कोमल, की नाराजगी लगातार बनी हुई थी।

सुबह हुआ विवाद, गुस्से में उठा लिया हथियार

शनिवार सुबह प्रेम संबंध को लेकर भाई-बहन के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कोमल ने घर में रखा धारदार हथियार उठा लिया और बहन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण सुमित्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना पर रामपुर मथुरा थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम की मदद से अहम साक्ष्य जुटाए।

 

यह भी पढ़ें: 'मैं जिंदा हूं साहब, राशन कार्ड बनवा दीजिए', कागजों में मरी महिला पहुंची HC

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह प्रेम संबंध को लेकर परिवार में चल रहा विवाद सामने आया है। पुलिस का कहना है कि युवती के घर लौटने के बाद से परिवार में तनाव बना हुआ था और इसी नाराजगी ने खौफनाक वारदात का रूप ले लिया।एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम संबंध को लेकर उत्पन्न पारिवारिक विवाद का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: मौलाना जरजिस के बयान पर  उबाल! लखनऊ में फूंका पुतला, ‘जेल भेजो’ के लगे नारे

आरोपी की तलाश में कई टीमें

पुलिस ने आरोपी भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।