उत्तर प्रदेश के जिला बुलंदशहर में पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डिबाई क्षेत्र में 15 सितंबर को कीचड़ में मिले मुकेश के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक, मुकेश की पत्नी पूनम ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पहले मुकेश को शराब पिलाई गई, इसके बाद उसे गांव के बाहर सुनसान इलाके में ले जाकर कीचड़ में मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव को इस तरह फेंका गया कि मामला हादसा लगे। पुलिस ने अब पत्नी पूनम, उसके प्रेमी करविंद उर्फ कविंद्र और साथी जोगेंद्र उर्फ चेतन को गिरफ्तार कर लिया है।

 

मामला डिबाई कोतवाली क्षेत्र के गांव सतोहा निवासी मुकेश का है। 15 सितंबर को गांव उदयपुर के पास एक आम के बाग में कीचड़ के बीच उसका शव मिला था। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। शुरुआती पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। मृतक के भाई देवेंद्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।

पत्नी के बयानों से खुलने लगी हत्या की कड़ी

जांच आगे बढ़ी तो पुलिस का शक मुकेश की पत्नी पूनम की गतिविधियों पर गया। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों में पुलिस को कई अहम सुराग मिले। पुलिस के मुताबिक, पूनम का करविंद से प्रेम प्रसंग था। इसके बाद हत्या की साजिश में करविंद के साथी जोगेंद्र के शामिल होने की बात भी सामने आई।पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को करविंद ने पहले मुकेश को शराब पिलाई। इसके बाद उसे गांव से बाहर जंगल की तरफ ले जाया गया। आरोप है कि वहां पूनम, करविंद और उसके साथी ने मिलकर मुकेश का मुंह कीचड़ में दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद तीनों वहां से फरार हो गए।

 

यह भी पढ़ें: पावर बढ़ाने वाली दवाओं के नाम पर ठगी करता था 8वीं पास, खुद को कहता था डॉक्टर

प्रेम प्रसंग के साथ जमीन और बीमा का एंगल

पुलिस की जांच में हत्या के पीछे केवल प्रेम प्रसंग ही नहीं, बल्कि जमीन और बीमा की रकम का एंगल भी सामने आया है। मुकेश के नाम करीब 12 लाख रुपये का बीमा था। इसके अलावा जमीन को लेकर भी पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। पुलिस इन सभी पहलुओं को जांच का हिस्सा बना रही है।पुलिस के मुताबिक, मुकेश शराब पीने का आदी था और परिवार की जमीन का बड़ा हिस्सा बेच चुका था। इसी वजह से घर में विवाद की स्थिति भी बनी रहती थी। बताया गया है कि पूनम दो बच्चों की मां है।

 

पुलिस ने जांच के दौरान पूनम को डिबाई स्थित पीएस हॉस्पिटल के पास से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में हत्या की कहानी सामने आने के बाद उसके प्रेमी और साथी की तलाश तेज कर दी गई। बाद में पुलिस ने करविंद उर्फ कविंद्र उर्फ कड़वा और सुनील कुमार उर्फ जोगेंद्र उर्फ चेतन चौहान को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया है।

 

यह भी पढ़ें: प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत, युवती को गोली मारने के बाद युवक ने खुद को उड़ाया

तकनीकी साक्ष्यों ने खोला ब्लाइंड मर्डर का राज

इस हत्याकांड में शुरुआत में मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने के कारण पुलिस के सामने चुनौती बड़ी थी। इसके बाद सर्विलांस, सीडीआर, सीसीटीवी और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला गया। इसी जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी और उसके करीबियों की भूमिका के सुराग मिले। पूछताछ और साक्ष्यों को जोड़ने के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा किया।पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद इसे हादसा दिखाने की कोशिश की गई थी, लेकिन जांच में सामने आए साक्ष्यों ने पूरी साजिश की परतें खोल दीं। मामले में तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों और घटनाक्रम की कड़ियों को भी जांच रही है।