पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में एक पुलिसकर्मी की हत्या हुई, जिसके मामले में मुख्य आरोपी उसका अपना बेटा है। पुलिस अधिकारियों की शुरुआती जांच के मुताबिक, पुलिसकर्मी ने अपने 18 साल के बेटे को 21 साल का होने के बाद प्रेम विवाह करने की सलाह दी थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई थी। इसके बाद पुलिस के मुताबिक, बेटे ने कथित तौर पर अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले की आगे जांच-पड़ताल में जुटी है।
चंडीगढ़ के लेखा शाखा में तैनात नितिन सिंह की हत्या हुई थी। वह चंडीगढ़ के सेक्टर-22 स्थित सरकारी आवास में रहते थे। नितिन का शव उनके बेडरूम में मिला, जहां शव के पास एक पिस्टल भी बरामद हुई थी। शुक्रवार की सुबह नितिन की हत्या हुई थी। मृतक नितिन के पड़ोसियों के मुताबिक, उस सुबह नितिन और उनके बेटे अरमान के बीच झगड़ा हुआ था। जानकारी के लिए बता दें कि नितिन सिंह पुलिस मुख्यालय की लेखा शाखा में हेड कांस्टेबल के तौर पर काम करते थे।
यह भी पढ़ें: प्रेमानंद के शिष्य की हुई मौत, प्राइवेट पार्ट पर मिले चोट के निशान
बेटे ने की पिता की हत्या
पुलिस के मुताबिक, अरमान ने अपने माता-पिता को बताया था कि वह अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता है। जबकि अरमान के माता-पिता ने इससे इनकार कर दिया। नितिन चाहते थे कि अरमान 21 साल का हो जाए, उसके बाद ही उसकी शादी हो। इसी बात को लेकर नितिन और अरमान के बीच बहस हो गई।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे अरमान अपने घर गया था। इसके बाद कथित तौर पर अरमान ने अपने पिता के सिर में गोली मार दी। इसके साथ ही अरमान ने अपनी मां के गले पर हमला किया, जिसके बाद वह छत पर जाकर आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाने लगीं। तब तक आरोपी अरमान घर से फरार हो गया था। पुलिस ने बाद में अरमान को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले भी एक दूसरे मामले में अरमान को गिरफ्तार किया गया था।
यह भी पढ़ें: यमुना एक्सप्रेसवे बस हादसे को लेकर महिला ने लगाया BJP पर आरोप, हुआ FIR दर्ज
पहले भी जेल जा चुका है अरमान
अरमान ने कुछ समय पहले कथित तौर पर कार से एक बाइक को टक्कर मार दी थी, जिसमें बाइक सवार दो भाइयों की मौत हो गई थी। इसके बाद अरमान को गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसे जेल से रिहा कर दिया गया था। अब पिता की हत्या के मामले में अरमान को फिर गिरफ्तार किया गया है।
