केरल के तिरुवनंतपुरम जिले से एस ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। यहां डेढ़ साल के एक बच्चे की मौत के बाद सामने आई शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने बच्चे की मां और उसके साथ रह रहे व्यक्ति को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ है कि बच्चे के साथ मारपीट की गई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी मां और उसके साथ रह रहे व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। 

 

मृत बच्चे की पहचान अरशद के रूप में हुई है। बताया गया कि बच्चे की उम्र करीब डेढ़ साल थी और वह अपनी मां अखिला के साथ रह रहा था। पुलिस के अनुसार, अखिला अपने पति से अलग रह रही थी और पिछले कुछ समय से अश्कर नामक व्यक्ति के साथ लिव-इन में रह रही थी। 

 

यह भी पढ़ें: 'मुझे लगता है हम नहीं बचेंगे', दिल्ली आग हादसे में एक ही परिवार के 8 लोग मरे

 

डॉक्टरों को हुआ शक 

मामला तब सामने आया जब 29 मई को बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती तौर पर दावा किया गया कि बच्चे को खाना खाते समय दिक्कत हुई थी और उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालांकि, डॉक्टरों को बच्चे के शरीर पर मौजूद कई चोटों को देखकर मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

बच्चे के शरीर पर मिले चोट के निशान

जांच के दौरान हुए पोस्टमार्टम में बच्चे के शरीर पर कुल 51 चोटों के निशान मिलने की बात सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार, शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर पुराने और नए घाव पाए गए। जांच में पैरों और तलवों पर जलने जैसे निशान, कई जगह फ्रैक्चर और अंदरूनी चोटों के संकेत भी सामने आए। पुलिस अब इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

वीडियो में दिखा सच 

रिपोर्टों के अनुसार, घटना से कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें बच्चा दोनों हाथों पर प्लास्टर लगाए अपनी मां के साथ दिखाई दे रहा था। उस समय बच्चे की चोटों को सामान्य दुर्घटना बताया गया थ, लेकिन बाद की जांच में पुलिस ने इन दावों की भी जांच शुरू की और चोटों के कारणों को लेकर सवाल उठाए। बच्चे की मां ने कहा था कि यह चोटें साइकिल से गिरने के कारण लगी हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'मुझे लगता है हम नहीं बचेंगे', दिल्ली आग हादसे में एक ही परिवार के 8 लोग मरे

मां और एक अन्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में मां अखिला और उसके साथ रह रहे अश्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि बच्चे की स्थिति पहले किसी स्तर पर प्रशासन, स्वास्थ्य व्यवस्था या आसपास के लोगों की नजर में क्यों नहीं आई। सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर काफी आक्रोश दिखाई दे रहा है और लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।