राजस्थान के अलवर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम से पहले पुलिस ने कांग्रेस नेताओं के साथ में कुछ छात्रों को हिरासत में ले लिया। ये छात्र राजस्थान में छात्र संघ चुनाव बहाल करने सहित कई मुद्दों को विरोध-प्रदर्शन करने और काले झंडे दिखाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि आरआर कॉलेज में प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन से पहले छात्रों को हिरासत में लिया गया।
कांग्रेस ने दावा किया है कि करीब दो दर्जन पार्टी नेताओं और छात्रों को हिरासत में लिया गया, जबकि पुलिस ने कहा कि सिर्फ 7-8 लोगों को हिरासत में लिया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी के खैरथल तिजारा जिला अध्यक्ष बलराम यादव को उनके समर्थकों के साथ खाना खाने के लिए जाते समय हिरासत में लिया गया।
यह भी पढ़ें: बिहार में अपराध घटे, हत्या में 10, डकैती में 31 फीसदी की आई गिरावट
प्रदर्शन करने की योजना बना रहे थे
पुलिस ये छात्र कथित तौर पर कई मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करने की योजना बना रहे थे जिनमें दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज, छात्र संघ चुनाव बहाल करना और सड़कों की खराब हालत शामिल है।
शाह एक जनसभा को करेंगे संबोधित
सूत्रों ने बताया कि उन्होंने सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए काले झंडे दिखाने की भी योजना बनाई थी। बता दें कि केंद्रीय मंत्री शाह, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ रविवार को अलवर के विजय नगर ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान शाह राजस्थान भर में 6,279 करोड़ रुपये के 933 विकास कार्यों का वर्चुअल उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
यह भी पढ़ें: 25 नई चीनी मिलें, 1 करोड़ नौकरी का लक्ष्य, बिहार के CM सम्राट चौधरी का एलान
अलवर की परियोजनाओं में 200 करोड़ रुपये के नए सरस डेयरी संयंत्र का शिलान्यास और एक मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन शामिल है। अधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम के दौरान राज्य-स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव भी आयोजित किया जाएगा जिसमें 10,548 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे, जिनमें अलवर जिले के 461 कर्मचारी शामिल हैं।
