देश में अगले सोकसभा चुनाव 2029 में होंगे लेकिन इन चुनावों को लेकर तमिनाडु में सत्ताधारी गठबंधन के बीच अभी से तकरार देखने को मिल रही है। टीवीके अपनी पार्टी के प्रमुख और तमिलनाडु के सीएम विजय को प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाने की कोशिश कर रही है। बीते दिनों इसको लेकर एक सर्वे चर्चा में रहा और इसके बाद पार्टी के कई नेताओं ने विजय को पीएम बनाने को लेकर बयान भी दिए। इके बीच कांग्रेस और टीवीके के रिश्तों में तनाव बढ़ता नजर आ रहा है।

 

कांग्रेस पार्टी ने साफ कर दिया है कि 2029 के लोकसभा चुनाव में उनकी पसंद राहुल गांधी हैं। तमिलनाडु के पर्यटन मंत्री और कांग्रेस नेता एस. राजेश कुमार ने चेतावनी दी है कि अगर टीवीके राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर समर्थन नहीं देती है, तो कांग्रेस के दोनों मंत्री राज्य सरकार से इस्तीफा दे देंगे। 

 

यह भी पढ़ें: कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, कई लोगों की मौत की आशंका

 

क्या बोले मंत्री?

मंत्री राजेश कुमार ने एक कार्यक्रम में कहा कि कांग्रेस अपने रुख से पीछे नहीं हटेगी। उनके मुताबिक, 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए राहुल गांधी ही कांग्रेस की पसंद हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर टीवीके राहुल गांधी के नाम का समर्थन नहीं करती है, तो सरकार में शामिल कांग्रेस के दोनों मंत्री अपने पद छोड़ देंगे। राजेश कुमार ने इसी साल तमिलनाडु में डीएमके की सरकार की विदाई के बाद टीवीके के साथ आकर कांग्रेस के प्रतिनिधि के तौर पर शपथ ली थी। 

विजय को पीएम बनाने की चर्चा क्यों?

पिछले कुछ हफ्तों से टीवीके के नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से विजय को 2029 में प्रधानमंत्री पद के संभावित उम्मीदवार के तौर पर पेश किया जा रहा है। इसी बीच एक सर्वे में करीब 9 प्रतिशत लोगों ने पीएम के तौर पर टीवीके प्रमुख को अपनी पहली पसंद बताया। इसके बाद से तमिलनाडु के सियासी गलियारे में यह चर्चा शुरू हो गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता केए सेंगोट्टैयन ने यहां तक कहा कि विजय में पूरे देश का नेतृत्व करने की क्षमता है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर भारत के राज्य भी विजय की ओर उम्मीद से देख रहे हैं। टीवीके के कुछ समर्थकों ने सोशल मीडिया और सार्वजनिक जगहों पर भी विजय फॉर पीएम का अभियान चलाया है।

 

यह भी पढ़ें: जोमैटो ने भी एनालॉग पनीर पर लगाई रोक, डेयरी प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने को कहा

गठबंधन के लिए बढ़ी चुनौती

2026 के विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने विजय की टीवीके के साथ मिलकर तमिलनाडु में सरकार बनाई है। टीवीके ने चुनाव में 108 सीटें जीतीं और कांग्रेस समेत कुछ अन्य दलों के समर्थन से सरकार बनाई। ऐसे में प्रधानमंत्री पद के चेहरे को लेकर दोनों दलों के बीच सामने आया यह मतभेद गठबंधन के लिए चुनौती माना जा रहा है। हालांकि, राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह कार्यकर्ताओं को उत्साह है कि वे अपने नेता को पीएम के रूप में देखना चाहते हैं। इससे दोनों दलों के संबंधों में कोई असर नहीं पड़ेगा।