बिहार के दरभंगा जिले में करोड़ों रुपये की चांदी लूटकांड को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। इस लूटकांड में बीजेपी नेताओं के नाम सामने आने का दावा किया जा रहा है। विपक्ष की ओर से आरोप लगाया गया है कि कोई बीजेपीई नेता 44,000 कारतूस मंगा रहा है, कोई हत्या कर रहा है तो कोई करोड़ों रुपये की लूट को अंजाम दे रहा है। बिहार का हर अपराधी आज BJP के संरक्षण में फल-फूल रहा है।

 

विपक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के राइट और लेफ्ट हैंड कहे जाने वाले बीजेपी दरभंगा जिला के महामंत्री विशाल महासेठ और छोटू यादव का नाम अंतरराज्यीय लूट गिरोह में सामने आया है। इसी के साथ ही विपक्ष ने दावा किया है कि 60 किलो से अधिक चांदी की लूट के मामले में छोटू यादव और विशाल महासेठ की गिरफ्तारी भी हुई है।

विधायक पर लगे आरोप

आरोप में कहा गया है कि छोटू यादव को विधायक जेल जाने से बचा देते थे। इसलिए वह चाहता था कि संजय सरावगी मुख्यमंत्री बनें, ताकि ऐसे मामलों में भी उसे बचाया जा सके। विपक्ष के दावों के अनुसार दोनों आरोपियों के साथ संजय सरावगी की सैकड़ों तस्वीरें मौजूद हैं। अब जनता को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का इस्तीफा चाहिए। बीजेपी अब पहले वाली बीजेपी नहीं रही, अतः इनका प्रमोशन होना तय है।

 

यह भी पढ़ें: किश्तवाड़ में लापता दो SPOs की हत्या, गोलियों से छलनी मिले शव

 

दरभंगा में 7 नवंबर की रात पश्चिम बंगाल के सर्राफा कारोबारी से हथियार के बल पर चांदी की लूट हुई थी। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने 62 किलो 40 ग्राम चांदी जैसी धातु, 5 लाख 94 हजार 100 रुपये नकद, दो चारपहिया वाहन और कई मोबाइल फोन बरामद किए थे।

विपक्ष ने हमला किया तेज

इस लूटकांड के बाद विपक्ष ने बीजेपी पर हमला तेज कर दिया है। विपक्ष का कहना है कि बिहार में अपराधी बेलगाम हो गए हैं। बीजेपी के संरक्षण में अपराधी फल-फूल रहे हैं। अभी तक बीजेपी की ओर से इस आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं बीजेपी नेताओं का कहना है कि मामले में पुलिस जांच कर रही है। जांच में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

 

इस मामले को लेकर जनता में भी चर्चा तेज है। लोग सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। अब सभी की नजर पुलिस पर है कि इस मामले में आगे क्या खुलासा होता है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर हादसा, चौरी चौरा एक्सप्रेस के 4 डिब्बे पटरी से उतरे

राजनीतिक गलियारों में हलचल

इस आरोप के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष इस मुद्दे को लेकर बीजेपी को घेरने में जुटा है। अब देखना होगा कि इस मामले में आगे क्या होता है। क्या पुलिस इस मामले में किसी बीजेपी नेता के नाम का खुलासा करती है या विपक्ष के आरोप सिर्फ राजनीतिक हैं, यह जांच के बाद ही साफ होगा।