पुलिस ने उत्तराखंड के हलद्वानी से 23 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर अपनी एक्स गर्लफ्रेंड और उसकी दोस्त की 6 महीने के बच्चे की हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने जिसे गिरफ्तार किया है, उसका नाम निखिल कुमार है, जिस पर अपनी एक्स गर्लफ्रेंड सोनल आर्या और उसकी दोस्त की 6 महीने की बच्चे की गला रेत कर हत्या करने का इल्जाम है। बताया जा रहा है कि निखिल और सोनल लिव-इन में रहते थे।

 

पुलिस ने बताया कि आरोपी को शक था कि उसकी एक्स गर्लफ्रेंड सोनल अपनी सहेली रश्मि देवी के पति दुर्गेश कुमार को पसंद करने लगी थी। सोनल कुछ हफ्तों से रश्मि के घर पर ही रह रही थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी निखिल ने 6 महीने की बच्ची की हत्या बदला लेने के मकसद से की थी, क्योंकि उसको लगता था कि सोनल प्रेग्नेंट है और बच्ची के पिता दुर्गेश अबॉर्शन करवाने में उसकी मदद कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, निखिल कुमार फूड डिलिवरी एजेंट के तौर पर काम करता था।

 

पुलिस ने बताया कि दिल्ली के मजनू का टीला इलाके से डबल मर्डर की सूचना मिली थी। इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए एक टीम उत्तराखंड भेजी गई थी।

 

डीसीपी (नॉर्थ) राजा बंठिया ने बताया, 'हाल ही में सोनल प्रेग्नेंट हो गई थी और उसने अबॉर्शन करवाने का फैसला लिया था। निखिल को लगा कि उसने दुर्गेश की मदद से ऐसा किया है। इसलिए निखिल ने दुर्गेश की मोबाइल रिपेयर की दुकान से एक सर्जिकल ब्लेड खरीदा और दोनों की हत्या कर दी। उसने दुर्गेश की बेटी की हत्या इसलिए की क्योंकि उसे लगता था कि सोनल ने दुर्गेश की मदद से अबॉर्शन करवाया है।'

 

यह भी पढ़ें-- बाथरूम में मिले खून के धब्बे तो छात्राओं के कपड़े उतारकर चेकिंग की

निखिल-सोनल ने बेच दिया था बच्चा!

डीसीपी बंठिया ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि सोनल और निखिल की मुलाकात 2023 में हलद्वानी में हुई थी। उन्होंने बताया कि सोनल प्रेग्नेंट हो गई थी और 2024 में उसने एक बच्चे को जन्म दिया था, जिसे उन्होंने उत्तराखंड में बेच दिया था। इसके बाद दोनों वजीराबाद में रहने लगे थे।

 

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सोनल के परिवार वालों ने बताया कि वह निखिल से तंग आ चुकी थी और जनवरी में उसे छोड़ दिया था। सोनल ने 24 जून को सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में निखिल के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी।

 

सोनल की बहल हेमा ने बताया, 'दो साल पहले उसने निखिल और उसके परिवार के साथ रहना शुरू किया था। वह छोटी-छोटी बातों पर उस पर चिल्लाता था और पीटता था। अगर वह चाहती भी तो भी निखिल ब्रेक अप करने को तैयार नहीं था। हालांकि, जनवरी में सोनल ने उसका घर छोड़ने का फैसला कर लिया।'

 

यह भी पढ़ें-- गाली वाले वीडियो से चर्चा में आए राहिल शेख और राजश्री मोरे कौन हैं?

वह पागलों जैसा बर्ताव करता थाः सोनल की मां

सोनल की मां आशा ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि निखिल अक्सर फोन करके ब्रेक अप के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराता था। 

 

आशा ने कहा, 'वह हमें भी फोन करता था और चिल्लाता था। वह हमारी बेटी से कहता था कि मैं नहीं चाहती कि वे दोनों साथ रहें। वह पागलों जैसा बर्ताव करता था। जब मेरी बेटी पिछले साल नैनीताल आई थी तो उसने कई बार फोन किया और उसे हमारे साथ रहने नहीं दिया। वह नैनीताल भी आ गया था।'

 

वहीं, हेमा ने बताया कि निखिल ने सोनल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करना शुरू कर दिया था, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। 

 

परिवार वालों ने बताया कि सोनल अपनी दोस्त रश्मि के घर चली गई थी। वह 24 जून से वहीं रह रही थी। रश्मि के पति दुर्गेश ने बताया कि निखिल एक बार उनकी दुकान पर आया था और कहा था कि वह सोनल को अपने घर पर क्यों रख रहे हैं।