पुलिस की जिम्मेदारी चोरी के आरोपियों को खोजना और गिरफ्तार करना है। इससे ठीक विपरीत दिल्ली पुलिस से जुड़ी एक खबर सामने आई है, जहां दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल पर थाने से जब्त 1 करोड़ 60 लाख रुपये का सोना चोरी करने का आरोप लगा है। उसने कथित तौर पर सोना चुराने के बाद खुद की गुमशुदगी का षड्यंत्र रचा था। पुलिस ने आरोपी हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया।

 

आरोपी हेड कांस्टेबल का नाम संदीप कुमार है, जो शाहीन बाग थाने में काम करते हैं। संदीप ने कथित तौर पर अमर कॉलोनी के थाने में सोने की चोरी की थी। पुलिस के मुताबिक, संदीप 29 अक्टूबर से ही पुलिस थाने नहीं आए थे। इसके बाद संदीप के भाई सरजीत ने पुलिस को बताया कि 3 नवंबर से संदीप लापता थे। इसके अलावा 12 नवंबर को सरजीत ने अमर कॉलोनी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर संदीप की तलाश शुरू की। तभी थाने में हुई चोरी का खुलासा हुआ।

 

यह भी पढ़ें: 12वीं फेल ने खरीद ली MBBS की फर्जी डिग्री, सफदरजंग अस्पताल में कर रहा था ड्यूटी

चोरी का खुलासा कैसे हुआ?

जब पुलिस ने हेड कांस्टेबल संदीप को खोजना शुरू किया, तो उन्होंने अमर कॉलोनी थाने के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज देखकर पुलिस को पता चला कि संदीप चोरी-छिपे थाने में गए और बाहर आए थे। यह देखकर पुलिस को आरोपी संदीप पर शक हुआ। जानकारी के लिए बता दें, संदीप शाहीन बाग थाने में नौकरी करने से पहले अमर कॉलोनी थाने में काम करते थे।

 

इस वजह से आरोपी संदीप को थाने में मौजूद सबूतों की तिजोरी के बारे में पूरी जानकारी थी। शक के आधार पर पुलिस ने सबूतों की तिजोरी की तलाशी ली, तो पुलिस को पता चला कि तिजोरी में रखा जब्त 1 करोड़ 60 लाख रुपये का सोना गायब था।

 

यह भी पढ़ें: इलेक्ट्रिक गाड़ियों के शोरूम में लगी आग, 26 स्कूटी और 7 ई-रिक्शा जलकर राख

सोने को गिरवी रखवाया

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी संदीप को गिरफ्तार किया। उसके बाद पुलिस ने संदीप से पूछताछ की, तो संदीप ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने सोने को एक व्यक्ति के पास गिरवी रखवाकर रुपये ले लिए थे। पुलिस ने फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।