मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग इलाके में सोमवार 23 नवंबर की सुबह प्रशासन ने करीब 600 पुराने और जर्जर सरकारी क्वार्टरों को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी। हाई कोर्ट ने 22 नवंबर को विशेष सुनवाई करते हुए एक याचिकाकर्ता को छोड़कर बाकी 599 क्वार्टर तोड़ने की मंजूरी दी थी। इसके अगले ही दिन यह अभियान शुरू हुआ। प्रशासन का कहना है कि शाम 4 से 5 बजे तक इस कार्रवाई को पूरा कर लिया जाएगा। इन मकानों को हाउसिंग बोर्ड ने करीब 1980-81 में बनाया था। 2016 में ही इन्हें रहने के लिहाज से जर्जर और असुरक्षित घोषित कर दिया गया था।
इन क्वार्टरों में करीब 3,000 लोग रह रहे थे। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल, SDM, तहसीलदार और नगर निगम का समूह तैनात किया गया है। मौके पर 10 पोकलेन मशीनें और 50 बुलडोजर लगाए गए हैं, जबकि रविवार शाम से ही इलाके में बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद कर दिए गए थे।
यह भी पढ़ें: मौत बनकर दौड़ी कार! खड़े ट्रक में घुसी, 2 मासूमों समेत 4 की मौत, 3 गंभीर
कोर्ट का आदेश और प्रशासन की कार्रवाई
SDM लखन सिंह चौधरी के मुताबिक, 2016 में जर्जर घोषित होने के बाद से ही लोगों को मकान खाली करने के लिए समझाया जा रहा था लेकिन शुरुआत में लोग तैयार नहीं थे। बीते पांच दिनों से पुलिस, प्रशासन, हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम के अधिकारियों ने घर-घर जाकर लोगों को बताया कि ये इमारतें कितनी खतरनाक हैं। इसके बाद लोगों ने खुद ही मकान खाली किए और किसी को जबरदस्ती नहीं हटाना पड़ा।
इससे पहले हाउसिंग बोर्ड ने 13 नवंबर तक मकान खाली करने का अंतिम नोटिस दिया था। यह कार्रवाई 14 नवंबर से शुरू होनी थी लेकिन नोटिस मिलने के बाद कुछ महिलाओं द्वारा जहरीला पदार्थ खा लेने की घटना के चलते इसे टालना पड़ा था। इस मामले को हाई कोर्ट में चुनौती दी गई थी लेकिन अदालत ने तोड़फोड़ पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। हालांकि, मकान नंबर 465 के निवासी मोहम्मद हाफिज खान की याचिका पर अदालत ने 25 नवंबर तक उनके मकान को तोड़ने पर अंतरिम रोक लगा दी है। याचिकाकर्ता ने जिलाधिकारी द्वारा प्रस्तावित 1,200 से 1,500 रुपये मासिक किराए को कम बताते हुए उचित किराया तय करने की मांग की थी। इस पर हाउसिंग बोर्ड ने बैठक कर किराया तय करने का भरोसा दिया।
लोगों ने जताई नाराजगी
SDM लखन सिंह चौधरी ने बताया कि जिन लोगों के पास घर के सही कागज मौजूद हैं, उन्हें मौजूदा घर के बदले 20 % अतिरिक्त जगह के साथ नया मकान दिया जाएगा। हालांकि, अवैध रूप से कब्जा करने वालों के लिए फिलहाल ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। नोटरी के जरिए दोबारा खरीदे गए मकानों के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है और आने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
दूसरी ओर, कई निवासियों ने कोई और व्यवस्था न मिलने पर नाराजगी जताई। निवासी राशिद का कहना है कि पहले रहने की वैकल्पिक जगह दी जानी चाहिए थी और नोटरी के कागजों को भी मान्यता मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि उन्होंने पांच-छह साल पहले 1.30 लाख रुपये में नोटरी के जरिए मकान लिया था। कोई वैकल्पिक जगह न मिलने से रात में सामान हटाना पड़ा और अब सरकार को रहने की व्यवस्था करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: 35 साल पहले गोलियों से छलनी हुए थे ‘ज्ञानू दादा’, पुण्यतिथि पर उमड़े दिग्गज
वहीं, करीब 25-30 साल से रह रहीं उमर देवी ने कहा कि उनके पास नगर निगम और हाउसिंग बोर्ड से जुड़े रजिस्टर्ड कागज हैं, लेकिन उन्हें कोई वैकल्पिक आवास नहीं मिला। उन्होंने बताया कि वह खुद 3,000 रुपये महीने किराए पर घर लेने को मजबूर हुई हैं और चाहती हैं कि सरकार उन्हें यहीं मकान दे। प्रशासन और हाउसिंग बोर्ड की योजना के तहत इस पूरे क्षेत्र का मध्य प्रदेश पुनर्विकास नीति-2022 के अंतर्गत नए सिरे से विकास किया जाएगा। जर्जर क्वार्टरों को हटाकर उनकी जगह आधुनिक और बहुमंजिला आवासीय परिसर बनाने का प्रस्ताव है। साथ ही, निर्माण पूरा होने और नया घर मिलने तक वैकल्पिक आवास के लिए किराया देने की पेशकश भी की गई है।
