कन्नूर के निजी डेंटल कॉलेज में पहले साल के छात्र नितिन राज की आत्महत्या मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी डेंटल एनाटॉमी विभाग के प्रमुख एमके राम को कर्नाटक के कोडागु जिले से कल रात हिरासत में लिया गया। 

एमके. राम आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले का रहने वाला है। 13 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। 10 अप्रैल को अंजाराकांडी स्थित कॉलेज परिसर की एक इमारत से गिरने के बाद नितिन राज का शव मिला था। 

यह भी पढ़ें: 'मां मैं आपकी इच्छा पूरी नहीं कर सकी', NEET में कम नंबर आने पर कर लिया सुसाइड

जाति की वजह छात्र को धमकाया गया था

पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। जांच में पता चला कि विभाग के तत्कालीन एचओडी एमके राम ने छात्र नितिन राज को उसकी अनुसूचित जाति की वजह से कथित तौर पर अपमानित किया और धमकाया था। 

आरोपी बार-बार बदल रहा था जगह

क्राइम ब्रांच की टीम पहले आरोपी के पैतृक गांव पहुंची, लेकिन वहां पता चला कि वह भागकर बेंगलुरु चला गया था। बाद में जानकारी मिली कि वह कोडागु में छिपा हुआ है। वहां से उसे गिरफ्तार कर कन्नूर लाया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ चल रही है।

यह भी पढ़ें: तेलंगाना: युवक ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में PM मोदी को ठहराया जिम्मेदार

अब क्या कर रही है पुलिस?

मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम के तहत विशेष अदालत में आरोपी को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में दो अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया था। फैकल्टी सदस्य संगीता नांबियार को पहले ही अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि छात्रावास वार्डन कमलाशन वी.वी. की भूमिका की जांच अभी जारी है।