देश की राजधानी नई दिल्ली में एक खौफनाक घटना घटी है, जहां दिनदहाड़े एक महिला के साथ उबर राइडर ने छेड़खानी की। पीड़िता के आरोप के मुताबिक बाइक पर बैठने के कुछ ही देर बाद बाइक चालक ने गलत तरीके से छूने की कोशिश की। विरोध करने पर चालक ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। इससे महिला और भी डर गई। हालांकि पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
यह घटना बेहद चिंताजनक घटना है, क्योंकि आज के समय में कई महिलाएं देर रात कैब ड्राइवर और बाइक राइडर पर भरोसा करके अपने दफ्तर से घर जाती हैं। मगर इस घटना ने महिलाओं को न केवल चिंता में डाल दिया है, बल्कि कंपनियों की सुरक्षा नीति पर भी सवाल खड़ा कर दिया है।
पीड़िता के मुताबिक यह घटना गुरुवार दोपहर 1:28 बजे की है। जब महिला ने रोहिणी सेक्टर-15 से पीतमपुरा के एमपी ब्लॉक मार्केट जाने के लिए उबर बाइक बुक की थी। पीड़ित महिला के मुताबिक आरोपी बाइक राइडर का नाम सचिन है।
यह भी पढ़ें: नगालैंड में वंदे मातरम का विरोध क्यों? 16 मार्च को बड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान
महिला ने शोर मचाया, तब आरोपी भागा
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि बाइक पर बैठने के कुछ देर बाद ही चालक जानबूझकर बार-बार ब्रेक लगाने लगा। इसके बाद उसने गलत तरीके से छुआ भी। पीड़िता ने जब उसकी हरकतों का विरोध किया तो चालक ने बाइक की रफ्तार तेज कर दी। घबराकर महिला ने बाइक से कूदने का प्रयास किया। तभी बाइक राइडर ने उसे पीछे से रोक लिया। इसके बाद उसने कथित तौर पर महिला को धमकी भी दी। महिला ने जब शोर मचाया तो आरोपी बाइक चालक पीतमपुरा इलाके के नजदीक पीड़िता को उतारकर भाग निकला।
यह भी पढ़ें: पुलिस बनकर आए चोर, लाखों रुपये और गहने ले उड़े, दहशत में लोग
घटना के बाद डरी सहमी महिला को स्थानीय लोगों ने पानी पिलाया और मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद महिला ने फोन से ही पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
