हरियाणा में नशे का ग्राफ दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं भी नशे के दलदल में फंस रही हैं। प्रदेश में नशे के ग्राफ को कम करने के लिए स्वास्थ्य विभाग कई जागरूकता कार्यक्रम भी चला रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2024 से अब तक एक लाख 57 हजार 540 लोग नशा मुक्ति केंद्रों में उपचार के लिए पहुंचे हैं। यह आंकड़ा सरकारी है। हकीकत में यह आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा है क्योंकि बहुत मरीज नशे की लत छुड़वाने के लिए या निजी अस्पतालों में जाते हैं या बहुत मरीज उपचार ही नहीं करवाते। उक्त आंकड़े में से 22063 मरीज नशे की लत से बाहर आ चुके हैं।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में युवा वर्ग सबसे अधिक नशे के दलदल में फंसा हुआ है। खासकर 18 से 45 साल की उम्र के लोग नशे का अधिक सेवन करते हैं। इस आयु वर्ग के एक लाख तीन हजार 76 लोग नशा मुक्ति केंद्रों में उपचार के लिए पहुंचे हैं। वहीं 46 से 60 साल की उम्र के 35 हजार 106 और 60 साल से ऊपर की उम्र के 18 हजार 94 लोगों ने उपचार लिया है। नशे के दलदल में 18 साल से कम उम्र के बच्चे भी फंसे हुए हैं। 1264 बच्चे भी नशा मुक्ति केंद्रों में उपचार के लिए पहुंचे। ये आंकड़ा प्रदेश में नशे के खिलाफ जागरूकता की कमी को दर्शाता है। स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ जंग के लिए विभाग समय समय पर जागरुकता कार्यक्रम चला रहा है। नशे के आदी मरीजों की काउंसिलिंग के साथ ही उन्हें परामर्श व उपचार दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: टीबी की चपेट में हरियाणा के हजारों लोग, इन 2 जिलों में सबसे ज्यादा मरीज
महिलाएं भी नशे की लत से ग्रस्त
हरियाणा में नशे के आदी कई तरह के नशे कर रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भुक्की का नशा सबसे अधिक किया जा रहा है। भुक्की के 68948, अफीम के 52313 और हेरोइन के 31470, ओपिओइड-डोडा के 22037, शराब के 21428, तंबाकू के 15028, स्मैक के 11516, कैनाबिस के 5072, बेंजोडायजेपाइन के 1122, इनहेलेंट्स के 230, एम्फेटामाइंस के 134 व 16751 अन्य नशे के केस पुरुषों में सामने आए हैं।
नशे की लत से महिलाएं भी काफी ग्रस्त हैं। भुक्की के 375, हेरोइन के 333, अफीम के 292, ओपिओइड-डोडा के 146, शराब के 90, तंबाकू के 84, स्मैक के 52, कैनाबिस के 40, बेंजोडायजेपाइन के 33, इनहेलेंट्स के 4, एम्फटामाइंस का एक और 434 अन्य नशे के केस महिलाओं के सामने आए हैं।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में मिठाइयों के 507 सैंपल फेल, हजारों किलो मिठाई नष्ट
किसी जिले में क्या स्थिति?
सरकारी आंकड़ों के अनुसार सिरसा एरिया के सबसे अधिक लोग नशा मुक्ति केंद्रों में उपचार के लिए पहुंचे हैं। सिरसा के 36482, कैथल के 25100, अंबाला के 17226, फतेहाबाद के 14673, कुरुक्षेत्र के 14473, पंचकूला के 10843, करनाल के 8854, यमुनानगर के 6860, हिसार के 6145, जींद के 5027, पानीपत के 4068, रोहतक के 1936, सोनीपत के 1872, मेवात के 1123, महेंद्रगढ़ के 800, गुरुग्राम के 786, फरीदाबाद के 497, भिवानी के 409, रेवाड़ी के 131, झज्जर के 124 व हांसी के 111 लोग उपचार के लिए नशा मुक्ति केंद्रों में पहुंचे हैं।
